नजरिया न्यूज़, अररिया।
जिला पदाधिकारी अररिया श्री विनोद दूहन की अध्यक्षता में समाहरणालय स्थित कार्यालय कक्ष में डिस्ट्रिक्ट सोसाइटी फॉर कंप्यूटराइज्ड रजिस्ट्रेशन (स्कोर) से संबंधित समीक्षा बैठक आयोजित की गई। सर्वप्रथम बैठक में पूर्व बैठक की कार्यवाही की संपुष्टि की गई तथा विभिन्न बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक के दौरान जिला पदाधिकारी ने विशेष रूप से 80 वर्ष से अधिक आयु के नागरिकों को रजिस्ट्री कार्य में सुविधा प्रदान करने पर बल दिया। उन्होंने निर्देश दिया कि ऐसे बुजुर्गों के लिए घर-घर जाकर रजिस्ट्रेशन की सुविधा उपलब्ध कराई जाए, ताकि उन्हें कार्यालय आने में होने वाली कठिनाइयों से राहत मिल सके।
इसके अतिरिक्त, सभी निबंधन कार्यालयों में टोकन डिस्प्ले सिस्टम स्थापित करने का निर्देश दिया गया, जिससे आम नागरिकों को अपनी बारी की जानकारी आसानी से मिल सके और अनावश्यक भीड़ से बचा जा सके। साथ ही, दिव्यांगजनों एवं वृद्धजनों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए सभी निबंधन कार्यालयों में व्हीलचेयर की समुचित व्यवस्था करने का भी निर्देश दिया गया।
जिला पदाधिकारी द्वारा अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी व्यवस्थाएं समयबद्ध तरीके से सुनिश्चित की जाएं, ताकि आम जनता को पारदर्शी, सुगम एवं बेहतर सेवा प्रदान की जा सके। बैठक में सभी अवर निबंधक पदाधिकारी एवं संबंधित पदाधिकारी उपस्थित रहे।





















