नजरिया न्यूज़, अररिया। विकाश प्रकाश।
पुलिस अधीक्षक कार्यालय, अररिया द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार “ऑपरेशन मुस्कान” के तहत चलाए जा रहे विशेष अभियान में बड़ी सफलता हासिल हुई है। जिले में लगातार मिल रही मोबाइल चोरी और गुम होने की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर यह अभियान चलाया गया।
अभियान का मुख्य उद्देश्य आम लोगों को उनके खोए या चोरी हुए मोबाइल फोन वापस दिलाना और मोबाइल चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाना था। इसके लिए जिला स्तर पर एक विशेष मोबाइल रिकवरी टीम (DIU) का गठन किया गया, जिसमें तकनीकी रूप से दक्ष पुलिसकर्मियों को शामिल किया गया। साथ ही, संबंधित थाना पुलिस को भी इस अभियान में सक्रिय रूप से लगाया गया।
टीम ने तकनीकी अनुसंधान और सर्विलांस की मदद से विभिन्न स्थानों पर छानबीन करते हुए गुम हुए मोबाइल फोन का पता लगाया। लगातार प्रयासों के बाद कुल 50 मोबाइल फोन बरामद किए गए। इन सभी मोबाइलों का विधिवत सत्यापन करने के बाद 06 अप्रैल 2026 को उनके असली मालिकों को सुपुर्द कर दिया गया।
मोबाइल वापस मिलने पर लोगों के चेहरों पर खुशी साफ झलक रही थी। कई लोगों ने पुलिस की इस पहल की सराहना की और इसे आम जनता के लिए राहत भरा कदम बताया।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि आगे भी “ऑपरेशन मुस्कान” अभियान जारी रहेगा, ताकि ज्यादा से ज्यादा लोगों को उनके खोए हुए मोबाइल वापस दिलाए जा सकें और अपराध पर नियंत्रण रखा जा सके।





















