नजरिया न्यूज़, आर एस अररिया। आर एस थाना क्षेत्र के केडिया पट्टी वार्ड नंबर 4 में हुई चोरी की घटना ने अब नया मोड़ ले लिया है। चोरी के बाद गायब हुआ बक्सा घर के सामने स्थित मकई के खेत से स्थानीय लोगों द्वारा खोजबीन के दौरान बरामद किया गया। इस बरामदगी के बाद भी पुलिस की सक्रियता पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
जानकारी के अनुसार, घटना के बाद पीड़ित परिवार और स्थानीय लोगों ने आसपास के क्षेत्रों में खोजबीन शुरू की। इसी दौरान मकई के खेत में संदिग्ध अवस्था में पड़ा बक्सा मिला, जिसे चोर सामान निकालने के बाद फेंककर फरार हो गए थे। बक्सा मिलने से यह स्पष्ट हो गया कि अपराधियों ने वारदात को अंजाम देने के बाद पास के ही इलाके में छिपकर सामान की छंटनी की।
पीड़ित परिवार ने इस मामले की सूचना आर एस थाना पहुंचकर दी। परिजनों का कहना है कि थाने में मौजूद छोटे बाबू को पूरी घटना बताई गई, जिस पर उन्होंने आवेदन लिखकर देने की बात कही।
वहीं, जब इस संबंध में थाना प्रभारी अंकुर कुमार से फोन पर संपर्क किया गया, तो उन्होंने कहा कि उन्हें अब तक इस तरह की कोई सूचना प्राप्त नहीं हुई है और न ही कोई आवेदन मिला है। ऐसे में सवाल उठता है कि आखिर सूचना देने के बावजूद मामला थाने तक आधिकारिक रूप से क्यों नहीं पहुंच पाया।
इस पूरी घटना ने एक बार फिर पुलिस कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोग अब इस मामले में त्वरित कार्रवाई और पारदर्शिता की मांग कर रहे हैं, ताकि क्षेत्र में बढ़ रही आपराधिक घटनाओं पर रोक लगाई जा सके।





















