नजरिया न्यूज़, अररिया, (आर एस) थाना अररिया।
अररिया पुलिस ने नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में प्रतिबंधित कोडिनयुक्त कफ सिरप और एक पिकअप वाहन जब्त किया है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष समकालीन अभियान के तहत की गई।
प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, दिनांक 29 मार्च 2026 को आर.एस. थाना पुलिस द्वारा हड़िया चौक टोल टैक्स के समीप वाहन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान सुबह करीब 3:15 बजे पूर्णिया की ओर से आ रहे एक संदिग्ध पिकअप वाहन को रोकने का प्रयास किया गया। पुलिस के संकेत देने पर चालक वाहन को करीब 100 मीटर पहले रोककर मौके से फरार हो गया। पुलिस टीम ने पीछा किया, लेकिन चालक मकई के खेत का फायदा उठाकर भागने में सफल रहा।
वाहन की तलाशी लेने पर पुलिस को 45 कार्टून में कुल 7050 बोतल (प्रत्येक 100 एमएल) कोडिनयुक्त प्रतिबंधित कफ सिरप बरामद हुआ, जिसकी कुल मात्रा 705 लीटर है। बरामद सामग्री को एनडीपीएस एक्ट के तहत विधिवत जब्त करते हुए आर.एस. थाना कांड संख्या 66/26 दर्ज किया गया है।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि इस मामले में शामिल तस्करी नेटवर्क के उद्भेदन और अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है। छापामारी दल में थानाध्यक्ष अंकुर सहित अन्य पुलिस अधिकारी एवं सशस्त्र बल शामिल थे।





















