नजरिया न्यूज़, अररिया।
सात निश्चय 3.0 के अंतर्गत “सबका सम्मान–जीवन आसान” कार्यक्रम के तहत समाहरणालय, अररिया स्थित आत्मन सभागार में जिला पदाधिकारी अररिया श्री विनोद दूहन की अध्यक्षता में जनता दरबार का आयोजन किया गया। इस दौरान कुल 21 शिकायतों की सुनवाई की गई और संबंधित अधिकारियों को त्वरित निष्पादन के निर्देश दिए गए।
जनता दरबार में विभिन्न प्रखंडों से आए आवेदकों ने अपनी-अपनी समस्याएं विस्तार से रखीं। विनोद चंद्र झा ने दाखिल-खारिज नहीं होने की शिकायत की। सहरूण ने भू-अर्जन भुगतान से संबंधित मामला दर्ज कराया। श्याम दास ने बासगीत पर्चा निर्गत करने का अनुरोध किया। अमीयचंद्र धर ने भूमि नापी में अज्ञात व्यक्तियों द्वारा बाधा डालने की शिकायत की गई।
इसी प्रकार कामेश्वर यादव ने सेवांत लाभ के भुगतान की मांग की, जबकि ललेंद्र कुमार दत्त ने अवैध रूप से पेड़ कटाई एवं निर्माण कार्य रोकने की गुहार लगाई। देव कुमार झा ने भूमि विवाद से संबंधित मामला रखा। दिव्य ज्योति ने स्थानांतरण से जुड़ी समस्या बताई। मो. रफीक आलम ने बलपूर्वक जमीन पर झगड़ा करने की शिकायत दर्ज कराई।
इसके अलावा दिलीप कुमार गोलू ने नगर क्षेत्र में कचरा प्रबंधन की खराब स्थिति की ओर ध्यान आकृष्ट कराया, बसीरुद्दीन ने रास्ता अवरुद्ध होने की समस्या बताई, संजय यादव ने जमाबंदी सुधार से संबंधित आवेदन प्रस्तुत किया।
जिला पदाधिकारी द्वारा सभी संबंधित विभागों के पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि प्राप्त शिकायतों का निर्धारित समय सीमा में निष्पादन करना सुनिश्चित करें।





















