नजरिया न्यूज़, अररिया, 30 मार्च। अररिया महाविद्यालय, अररिया परीक्षा केंद्र पर आज स्नातक प्रथम सेमेस्टर की परीक्षा कदाचार मुक्त एवं शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न हुई। परीक्षा के प्रथम दिन प्रथम पाली में आर्ट्स (MJC) संकाय के अंतर्गत होम साइंस तथा कॉमर्स विषयों की परीक्षा आयोजित की गई। प्रथम पाली में दोनों विषयों में कुल 101 परीक्षार्थी उपस्थित हुए। द्वितीय पाली में पूर्वाहन 2:00 बजे से 5:00 बजे राजनीति शास्त्र,प्राचीन भारतीय इतिहास एवं संस्कृति,मजदूर एवं सामाजिक कार्य (LSW) ,अर्थशास्त्र,ग्रामीण अर्थशास्त्र तथा उर्दु विषय की परीक्षा ली गई , जिसमें अलग अलग विषयों में कुल 341 परिक्षार्थी उपस्थित रहे 12 अनुपस्थित रहे ।
महाविद्यालय के प्रधानाचार्य सह केंद्राधीक्षक प्रो. (डॉ.) रामदयाल पासवान ने स्पष्ट रूप से कहा कि परीक्षा में किसी भी प्रकार की अनियमितता या कदाचार को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने परीक्षा संचालन से जुड़े सभी आवश्यक दिशा-निर्देश साझा करते हुए पारदर्शिता और अनुशासन पर विशेष बल दिया।
निर्देशानुसार सभी परीक्षार्थियों का परीक्षा केंद्र में प्रवेश सुबह 9:30 बजे सुनिश्चित किया गया तथा परीक्षा 10:00 बजे से परीक्षा शुरू हुई । कदाचार मुक्त परीक्षा के उद्देश्य से अभ्यर्थियों की बहु-स्तरीय जांच (स्क्रीनिंग) की गई। परीक्षार्थियों को सख्त हिदायत दी गई कि वे मोबाइल फोन, इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस या किसी भी प्रकार चिट-पुर्जा अपने साथ न लाएं। नियमों का उल्लंघन करने पर निष्कासन सहित अनुशासनात्मक कार्रवाई की चेतावनी दी गई।
परीक्षा केंद्र में अभ्यर्थियों को केवल आवश्यक सामग्री जैसे कलम, पेंसिल, रबर, व्हाइटनर तथा प्रवेश पत्र लाने की अनुमति दी गई। साथ ही सभी को पूर्ण अनुशासन के साथ परीक्षा देने का निर्देश दिया गया।
प्रशासन द्वारा यह भी स्पष्ट किया गया कि किसी भी परीक्षार्थी को दोपहिया या चारपहिया वाहन सहित किसी भी प्रकार के वाहन को महाविद्यालय परिसर में लाने की अनुमति नहीं है।
महाविद्यालय प्रशासन के अनुसार परीक्षा को स्वच्छ, पारदर्शी और कदाचार मुक्त वातावरण में सफलतापूर्वक संचालित किया जा रहा है।





















