किशनगंज, बिहार -खेता कढ़ाई की बारिकियों, पारंपरिक डिजाइनों, रंग संयोजन तथा व्यावहारिक तकनीकों का प्रशिक्षुओं ने प्राप्त किया सफलतापूर्वक प्रशिक्षण
बीरेंद्र पांडेय, शिक्षा संवाददाता किशनगंज, 20मार्च 2026।
कला एवं संस्कृति विभाग, बिहार सरकार तथा जिला प्रशासन, किशनगंज के संयुक्त तत्वावधान में दिनांक 14 मार्च 2026 से 19 मार्च 2026 तक आम्रपाली प्रशिक्षण केंद्र, डुमरिया भट्टा, किशनगंज में छह दिवसीय खेता कढ़ाई कार्यशाला का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया। कार्यशाला का उद्देश्य पारंपरिक हस्तशिल्प कला के संरक्षण, संवर्धन एवं स्थानीय प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करना था।
इस कार्यशाला में प्रशिक्षु छात्राओं एवं स्थानीय प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया तथा खेता कढ़ाई की बारिकियों, पारंपरिक डिजाइनों, रंग संयोजन तथा व्यावहारिक तकनीकों का प्रशिक्षण प्राप्त किया। प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को विशेषज्ञ प्रशिक्षकों द्वारा कढ़ाई कला की मूल अवधारणाओं से लेकर उन्नत तकनीकों तक की विस्तृत जानकारी दी गई।
छह दिनों तक चले इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में प्रतिभागियों ने अपनी रचनात्मकता, कौशल और लगन का उत्कृष्ट परिचय दिया। कार्यशाला के समापन अवसर पर प्रतिभागियों द्वारा तैयार कढ़ाई के नमूनों की सराहना की गई। इस आयोजन ने न केवल पारंपरिक कला को नई पहचान दी, बल्कि महिलाओं एवं छात्राओं को आत्मनिर्भरता की दिशा में प्रेरित करने का कार्य भी किया।
जिला प्रशासन, किशनगंज ने इस सफल आयोजन के लिए सभी प्रशिक्षकों, प्रतिभागियों एवं सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया है।






















