वीरेंद्र चौहान, नजरिया न्यूज़ किशनगंज।
अररिया जिले के सिमराहा थाना क्षेत्र के मदारगंज निवासी एक वृद्ध पिता ने अपने गूंगे-बहरे पुत्र के लापता होने के मामले में अब तक प्राथमिकी दर्ज नहीं होने पर पुलिस अधीक्षक से न्याय की गुहार लगाई है। जानकारी के अनुसार मदारगंज निवासी रामानंद पासवान (70 वर्ष) अपने पुत्र मुन्ना पासवान (42 वर्ष), जो बोलने और सुनने में असमर्थ है, का पैर के इलाज के लिए एमजीएम मेडिकल कॉलेज, किशनगंज लेकर आए थे। बताया जाता है कि 30 जनवरी 2026 की सुबह करीब 4 बजे उन्होंने देखा कि उनका पुत्र अस्पताल परिसर से लापता है। काफी खोजबीन और आसपास पूछताछ के बावजूद उसका कोई पता नहीं चल सका। पीड़ित पिता ने बताया कि उन्होंने 1 फरवरी 2026 को आदर्श थाना किशनगंज में लिखित आवेदन देकर पुत्र की गुमशुदगी की जानकारी दी थी, लेकिन एक माह बीत जाने के बाद भी अब तक न तो प्राथमिकी दर्ज की गई और न ही कोई ठोस कार्रवाई की गई है।रामानंद पासवान का आरोप है कि जब वे कई बार थाना जाकर अपने पुत्र की तलाश के संबंध में जानकारी लेने पहुंचे तो पुलिस कर्मियों द्वारा उन्हें टालमटोल किया गया और कहा गया कि “हम लोग भी खोजबीन कर रहे हैं, आप भी खोजबीन कीजिए।” थक-हार कर अब वृद्ध पिता ने किशनगंज पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार को आवेदन देकर मामले में उचित कार्रवाई करने और अपने लापता पुत्र की खोजबीन कराने की मांग की है।






















