- विभिन्न आँगनवाड़ी केंद्र से आए बच्चों ने जिला पदाधिकारी विशाल राज को पुष्प भेंट कर शुक्रिया अदा किया, बड़ी संख्या में जीविका दीदियां, आंगनवाड़ी सहायिका और आंगनवाड़ी केंद्र के बच्चे रहे मौजूद
- किशनगंज, बिहार -जीविका दीदियों के द्वारा तैयार पोशाक आँगनवाड़ी केंद्र के बच्चों के बीच वितरित
बीरेंद्र पांडेय, शिक्षा संवाददाता किशनगंज, 01मार्च।
जीविका दीदियों द्वारा तैयार पोशाक आँगनवाड़ी केंद्र के बच्चे पहनेंगे। इसी सिलसिले में जिला पदाधिकारी विशाल राज ने आँगनवाड़ी केंद्र के बच्चों के बीच पोशाक का वितरण किया। जिला समाहरणालय में आयोजित कार्यक्रम में जिला पदाधिकारी ने बच्चों के बीच किशनगंज की जीविका दीदियों द्वारा तैयार पहली खेप के पोशाक का वितरण किया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि किशनगंज की जीविका दीदियों को उनके घर के पास ही पोशाक सिलाई का रोजगार मिल रहा है। वहीं आँगनवाड़ी केंद्र के बच्चों को जीविका दीदियों द्वारा तैयार पोशाक मिल सकेगा। कहा कि जिले के विभिन्न सिलाई सेंटरों पर जीविका दीदियाँ पोशाक सिलाई का कार्य कर रही हैं। पोशाक निर्माण कार्य से जुड़कर बड़ी संख्या मेंं जिले की जीविका दीदियों को घर के पास ही रोजगार के अवसर प्राप्त हो रहे हैं। इस मौके पर जीविका की डीपीएम अनुराधा चंद्रा ने बताया कि सातों प्रखंड में लगभग बारह सौ जीविका दीदियों को प्रशिक्षित कर कपड़ा सिलाई कार्य से जोड़ा गया है। विभिन्न सिलाई सेंटरों पर यह कार्य किया जा रहा है। समेकित बाल विकास परियोजना अंतर्गत आँगनवाड़ी के सभी बच्चों को पोशाक उपलब्ध करवाया जाएगा। लगभग बारह हजार पोशाक तैयार कर लिया गया है।
बाकी पोशाक निर्माण के लिए जीविका दीदियाँ सिलाई सेंटरों पर कार्य कर रही हैं। तय समय सीमा में सारे पोशाक तैयार कर लिए जाएंगे। इस अवसर पर सीडीपीआरओ किशनगंज सदर हर्ष हिमांशु एवं बीपीएम सदर जीविका शमशेर आलम एवं कंसलटेंट जीविका स्टिचिंग सेंटर कुणाल उपस्थित थे। इस मौके पर विभिन्न आँगनवाड़ी केंद्र से आए बच्चों ने जिला पदाधिकारी विशाल राज को पुष्प भेंट कर शुक्रिया अदा किया। बड़ी संख्या में जीविका दीदियां, आंगनवाड़ी सहायिका और आंगनवाड़ी केंद्र के बच्चे उपस्थित थे।






















