नजरिया न्यूज़, अररिया। विकाश प्रकाश।
अररिया जिले में इन दिनों चार चक्का वाहन चोर गिरोह पूरी तरह सक्रिय नजर आ रहे हैं। पुलिस के खौफ से बेपरवाह चोरों ने शहर में चोरी की घटनाओं को लगातार अंजाम देकर कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। ताजा मामला शहर के महादेव चौक के समीप स्थित एक वाहन शोरूम से जुड़ा है, जहां अज्ञात चोरों ने शोरूम का ताला तोड़कर दो नई टाटा नेक्सन कार की चोरी कर ली।
जानकारी के अनुसार, बीते तीन महीनों में अररिया शहर में चार कार चोरी की घटनाएं सामने आ चुकी हैं। दिसंबर माह में दो स्कॉर्पियो वाहन चोरी हो चुके हैं, जबकि एक अन्य स्कॉर्पियो की चोरी का प्रयास असफल रहा था। इन मामलों को लेकर नगर थाना में तीन अलग-अलग प्राथमिकी दर्ज की गई थी और पुलिस अनुसंधान में जुटी हुई थी। इसी बीच बुधवार की अहले सुबह चोरों ने एक बार फिर दुस्साहस दिखाते हुए शोरूम को निशाना बनाया।
बताया जा रहा है कि चोर शोरूम के अंदर रखी तीन कारों को बाहर निकालने में सफल रहे। हालांकि, उन्होंने एक पुरानी कार को राष्ट्रीय राजमार्ग पर खड़ा कर दिया और दो नई कारें लेकर फरार हो गए। इस पूरी घटना ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। खुद को हाईटेक बताने वाली पुलिस अब तक न तो किसी भी मामले का उद्भेदन कर सकी है और न ही चोरों का कोई ठोस सुराग हाथ लग पाया है।
लगातार हो रही वाहन चोरी की घटनाओं से शहर के व्यवसायियों और आम नागरिकों में भय का माहौल है। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते पुलिस ने सक्रियता नहीं दिखाई तो चोरों के हौसले और भी बुलंद हो सकते हैं। फिलहाल पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने और तकनीकी जांच के जरिए चोरों तक पहुंचने का दावा कर रही है, लेकिन अब तक ठोस सफलता नहीं मिल सकी है।
Case -1
1. नगर थाना क्षेत्र में स्कॉर्पियो चोरी, अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज
नगर थाना क्षेत्र में वाहन चोरी की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। विगत 7 दिसंबर की रात गैयारी पंचायत स्थित वार्ड संख्या 10 के शिव मंदिर के पास से एक स्कॉर्पियो वाहन चोरी हो गया। यह घटना रात के अंधेरे में अज्ञात चोरों द्वारा अंजाम दी गई, जिससे इलाके में दहशत का माहौल है।
Case -2
2. शिव मंदिर के पास से स्कॉर्पियो चोरी, केस दर्ज
नगर थाना क्षेत्र के गैयारी पंचायत स्थित वार्ड संख्या 10 में 7 दिसंबर की रात शिव मंदिर के पास से स्कॉर्पियो चोरी की घटना सामने आई है। वाहन मालिक गणेश लाल साह, निवासी नरपतगंज थाना क्षेत्र के मझुआ वार्ड संख्या 11, ने नगर थाना में कांड संख्या 491/25 दर्ज कराया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
Case- 3
3. नगर थाना क्षेत्र में स्कॉर्पियो चोरी की कोशिश नाकाम, वाहन क्षतिग्रस्त
नगर थाना क्षेत्र में असामाजिक तत्वों के हौसले बुलंद नजर आ रहे हैं। विगत 8 दिसंबर की अहले सुबह नप क्षेत्र के मौलवी टोला वार्ड संख्या 25 में रविवार की देर रात पूर्व वार्ड पार्षद मो. कमाले हक के दरवाजे पर खड़ी स्कॉर्पियो गाड़ी को चोरी करने का प्रयास किया गया। बताया जा रहा है कि चौपहिया वाहन पर सवार चार अज्ञात युवक मौके पर पहुंचे और स्कॉर्पियो को चुराने की कोशिश की।
चोरी में असफल रहने पर आरोपियों ने गाड़ी को क्षतिग्रस्त कर मौके से फरार हो गए। पूरी घटना वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जिसमें आरोपियों की गतिविधियां साफ दिखाई दे रही हैं। पीड़ित द्वारा अज्ञात चोरों के खिलाफ नगर थाना में मामला दर्ज कराया गया है।






















