नजरिया न्यूज़, अररिया। विकाश प्रकाश।
अररिया शहर से एक बड़ी और सनसनीखेज खबर सामने आई है। नगर थाना क्षेत्र के महादेव चौक स्थित टाटा शोरूम में शातिर चोरों ने बीती रात भीषण चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोरों ने शोरूम का शटर तोड़कर अंदर प्रवेश किया और वहां खड़ी तीन कारों को बाहर निकाल लिया। इनमें से एक पुरानी कार को चोर राष्ट्रीय राजमार्ग के किनारे यादव कॉलेज से सटे सर्विस लेन में छोड़कर फरार हो गए, जबकि दो बिल्कुल नई टाटा नेक्सन कारों को लेकर वे मौके से निकल भागे।
यह पूरी घटना महादेव चौक इलाके की है, जिसे अररिया शहर का सबसे व्यस्त इलाका माना जाता है। देर रात सन्नाटे का फायदा उठाकर चोरों ने पूरी योजना के साथ चोरी को अंजाम दिया। खास बात यह है कि कारों के साथ-साथ शोरूम में लगा इनवर्टर और बैटरी भी चोर अपने साथ ले गए। इससे साफ जाहिर होता है कि चोर सिर्फ गाड़ियों तक सीमित नहीं थे, बल्कि उन्होंने शोरूम से हर कीमती सामान समेटने की पूरी कोशिश की।
चोरों की चालाकी यहीं नहीं रुकी। अपनी पहचान छिपाने और पुलिस जांच को भटकाने के उद्देश्य से उन्होंने शोरूम में लगे सीसीटीवी कैमरों का डीवीआर भी उखाड़ लिया और अपने साथ ले गए। डीवीआर गायब होने से पुलिस को तकनीकी साक्ष्य जुटाने में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
सुबह जब शोरूम के कर्मचारी पहुंचे तो टूटा शटर, गायब कारें और बिखरा सामान देखकर उनके होश उड़ गए। कुछ ही देर में घटना की खबर फैल गई और मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई।
घटना की सूचना मिलते ही अररिया पुलिस सक्रिय हो गई। पुलिस अधीक्षक जितेंद्र कुमार स्वयं घटनास्थल पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को कई बिंदुओं पर जांच करने का निर्देश दिया। एसपी ने आशंका जताई कि यह किसी संगठित अंतरजिला गिरोह की करतूत हो सकती है। जिले की सीमाओं पर चौकसी बढ़ा दी गई है और आसपास के इलाकों में लगे अन्य सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।
शोरूम मैनेजर श्वेतांशु शेखर और मालिक मनोज पाटोदिया द्वारा नगर थाना में लिखित आवेदन दिए जाने की बात सामने आई है। पुलिस आवेदन के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई में जुट गई है।
शहर के व्यस्ततम इलाके से इस तरह दो नई कारों सहित अन्य सामान की चोरी ने पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल पुलिस पूरे मामले के खुलासे में जुटी है और जल्द ही चोरों तक पहुंचने का दावा किया जा रहा है।






















