नजरिया न्यूज़, रानीगंज (अररिया)।
रानीगंज प्रखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत राज बगुलाहा स्थित आशुतोष धाम शिव मंदिर परिसर में 15 फरवरी 2026 से 18 फरवरी 2026 तक श्री श्री 108 शिवनाम संकीर्तन महा अष्टयाम का भव्य आयोजन होने जा रहा है। महाशिवरात्रि के अवसर पर होने वाले इस चार दिवसीय कार्यक्रम को लेकर पूरे इलाके में जबरदस्त उत्साह है।
आयोजन समिति के अनुसार 72 घंटे का अखंड अष्टयाम संकीर्तन होगा। 15 फरवरी 2026 (रविवार) को शुभारंभ के साथ शिव विवाह एवं महाअष्टयाम संकीर्तन आयोजित होगा। इसी दिन संध्या 5 बजे भव्य शिव बारात नाग्राही (परसा हाट) से निकलेगी, जो घरबन्धा होते हुए बगुलाहा शिव मंदिर पहुंचेगी। शिव बारात को लेकर आसपास के गांवों में खास तैयारी की जा रही है।
16 एवं 17 फरवरी (सोमवार व मंगलवार) को जलाभिषेक कार्यक्रम रखा गया है। 18 फरवरी 2026 (बुधवार) को हवन-यज्ञ समापन, कीर्तन मंडली सम्मान, सह भंडारा एवं प्रसाद वितरण किया जाएगा।
इसी पावन बेला में 15 फरवरी को ग्राम पंचायत राज बगुलाहा के मुखिया प्रिंस विक्टर अपनी सबसे छोटी पुत्री का नामकरण एवं अन्नप्राशन संस्कार भी मंदिर प्रांगण में ही करेंगे। संस्कार के उपरांत श्रद्धालुओं एवं आगंतुकों के लिए विशेष भोज का आयोजन रहेगा।
वहीं 16 फरवरी को प्रिंस विक्टर अपनी दो पुत्री — जय श्री एवं कृष्ना — का मुंडन संस्कार भी इसी धार्मिक मेले के दौरान संपन्न कराएंगे। धार्मिक अनुष्ठान और पारिवारिक संस्कार एक साथ होने से आयोजन का महत्व और बढ़ गया है।
खास बात यह है कि इस अष्टयाम में नेपाल, बंगाल, फॉरबिसगंज सहित स्थानीय कीर्तन मंडलियां भाग लेंगी। बाहरी और स्थानीय कलाकारों की सहभागिता से पूरा क्षेत्र लगातार तीन दिनों तक भक्ति रस में डूबा रहेगा।
ग्रामीणों का कहना है कि इस बार का महा अष्टयाम सिर्फ संकीर्तन नहीं, बल्कि सामाजिक एकता और सांस्कृतिक परंपरा का विराट संगम बनने जा रहा है। मंदिर परिसर को सजाने और श्रद्धालुओं की सुविधा को लेकर तैयारियां अंतिम चरण में हैं।
बगुलाहा अब चार दिनों तक भक्ति, बारात, संस्कार और सामूहिक उत्सव का केंद्र बनने जा रहा है।




















