नजरिया न्यूज़, पटना बयूरो।
पटना में सोशल मीडिया पर भड़काऊ और तथ्यहीन पोस्ट डालने के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पूर्व आईपीएस अधिकारी अमिताभ दास को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने उनके आवास पर छापेमारी कर उन्हें हिरासत में लिया, जिसके बाद विधिसम्मत कार्रवाई करते हुए गिरफ्तारी दर्ज की गई।
मामला चित्रगुप्तनगर थाना कांड संख्या 44/26 से जुड़ा हुआ है, जो शंभू गर्ल्स हॉस्टल में रह रही एक नीट छात्रा की संदिग्ध मौत से संबंधित है। पुलिस के अनुसार, इस संवेदनशील प्रकरण को लेकर अमिताभ दास द्वारा सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स, यूट्यूब, इंस्टाग्राम और फेसबुक पर कई पोस्ट किए गए थे। इन पोस्टों में घटना को लेकर गंभीर आरोप लगाए गए थे, जिन्हें पुलिस ने भ्रामक और उत्तेजक बताया है।
पुलिस मॉनिटरिंग सेल की जांच में सामने आया कि वायरल पोस्टों में किए गए दावे प्रथम दृष्टया तथ्यों पर आधारित नहीं हैं। अधिकारियों का कहना है कि ऐसे पोस्ट से न सिर्फ आम जनता में भ्रम की स्थिति उत्पन्न हो रही थी, बल्कि मामले की निष्पक्ष जांच को भी प्रभावित करने की कोशिश की जा रही थी। इसी आधार पर पुलिस ने एफआईआर दर्ज करते हुए कानूनी कार्रवाई शुरू की।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि सोशल मीडिया की भूमिका आज के समय में बेहद संवेदनशील हो गई है और किसी भी अपुष्ट या तथ्यहीन जानकारी को सार्वजनिक करना कानूनन अपराध की श्रेणी में आता है। खासकर ऐसे मामलों में, जहां जांच प्रक्रिया चल रही हो, वहां भड़काऊ पोस्ट कानून-व्यवस्था के लिए गंभीर चुनौती बन सकती है।
फिलहाल पुलिस अमिताभ दास से पूछताछ कर रही है और यह भी जांच की जा रही है कि उनके पोस्ट के पीछे कोई संगठित प्रयास या अन्य लोग तो शामिल नहीं थे। पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि किसी भी संवेदनशील मामले में अफवाहों पर ध्यान न दें और केवल आधिकारिक जानकारी पर ही भरोसा करें।



















