नजरिया न्यूज /कुशेश्वर स्थान पूर्वी।
महाशिवरात्रि महोत्सव को लेकर कुशेश्वरनाथ महादेव मंदिर की सजावट रंग-बिरंगे फूलों और बिजली की बतियों से की जा रही है। शिव-पार्वती विवाह महोत्सव के अवसर पर मंदिर को दुल्हन की तरह विशेष रूप से सजाया जा रहा है।

यात्रियों की सुरक्षा एवं सुविधा को ध्यान में रखते हुए उच्चाधिकारियों के दिशा-निर्देशों के आलोक में महिला एवं पुरुष श्रद्धालुओं के लिए अलग-अलग व्यवस्था की जा रही है। मंदिर परिसर और शिवगंगा घाट तक पहुंचने के निर्धारित मार्गों पर बैरिकेडिंग कराई जा रही है।

महाशिवरात्रि मेले में संभावित श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए प्रशासन तथा कुशेश्वरनाथ महादेव मंदिर न्यास समिति के पदाधिकारी और सदस्य लगातार तैयारियों में जुटे हुए हैं।
मंदिर परिसर और शिवगंगा घाट पर चल रहे कार्यों का शुक्रवार को निरीक्षण करते हुए एसडीओ सह समिति के अध्यक्ष शशांक राज एवं उपाध्यक्ष सह एसडीपीओ प्रभाकर तिवारी ने कार्य में लगे कर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
बताया गया है कि शिवगंगा में स्नान करने वाले श्रद्धालुओं के लिए मुख्य मार्ग के अतिरिक्त उच्च विद्यालय वाले रास्ते से भी वैकल्पिक व्यवस्था की गई है।

मंदिर में पूजा-अर्चना के बाद श्रद्धालुओं की निकासी पश्चिमी गेट से सुनिश्चित की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान सीओ गोपाल पासवान एवं थाना अध्यक्ष गौरव प्रसाद भी उपस्थित थे।




















