नजरिया / कुशेश्वरस्थान।
कुशेश्वरस्थान बाजार के एक दवा व्यवसायी के साथ थाना परिसर में मारपीट व दुर्व्यवहार करना थाना अध्यक्ष और दारोगा को भारी पड़ गया। पीड़ित व्यवसायी की शिकायत पर कराई गई जांच में आरोप सही पाए जाने के बाद वरीय पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) जगुनाथ रड्डी जलरड्डी ने कड़ा कदम उठाते हुए थाना अध्यक्ष अंकित चौधरी और दारोगा मनोज कुमार शर्मा को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।
जानकारी के अनुसार, कुशेश्वरस्थान बाजार निवासी दवा व्यवसायी आनंद खेतान और उनके भाई सतीश खेतान को थाना अध्यक्ष अंकित चौधरी और दारोगा मनोज कुमार शर्मा ने थाना परिसर में दोनों भाइयों के साथ न सिर्फ मारपीट की, बल्कि उन्हें कंप्यूटर रूम में बंद कर मानसिक रूप से प्रताड़ित भी किया।
घटना के बाद स्थानीय लोगों के हस्तक्षेप से दोनों भाइयों को पीआर बॉन्ड पर छोड़ दिया गया। हालांकि, इस दौरान हुए दुर्व्यवहार से आहत दवा व्यवसायी आनंद खेतान ने अगले दिन यानी 2 फरवरी को वरीय पुलिस अधीक्षक को लिखित शिकायत सौंपते हुए पूरे मामले से अवगत कराया।
शिकायत को गंभीरता से लेते हुए एसएसपी ने मामले की निष्पक्ष जांच के लिए अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) प्रभाकर तिवारी को जांच की जिम्मेदारी सौंपी और शीघ्र रिपोर्ट देने का निर्देश दिया। उसी शाम एसडीपीओ प्रभाकर तिवारी ने थाना पहुंचकर घटनास्थल की जांच की, पीड़ितों और संबंधित लोगों से पूछताछ की तथा उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर अपनी रिपोर्ट एसएसपी को सौंप दी।
जांच रिपोर्ट में आरोपों की पुष्टि होने के बाद एसएसपी ने अनुशासनात्मक कार्रवाई करते हुए थाना अध्यक्ष अंकित चौधरी और दारोगा मनोज कुमार शर्मा को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया।




















