नजरिया न्यूज़, अररिया।
फॉरबिसगंज अनुमंडल क्षेत्र में बंद घरों को निशाना बनाकर हो रही लगातार चोरी की घटनाओं का अररिया पुलिस ने सफल उद्भेदन किया है। इस संबंध में अररिया के पुलिस अधीक्षक जितेंद्र कुमार ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस ने एक संगठित अंतरजिला चोर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए 05 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है।
एसपी जितेंद्र कुमार ने बताया कि बीते कुछ समय से फॉरबिसगंज अनुमंडल क्षेत्र में बंद घरों में चोरी की लगातार शिकायतें प्राप्त हो रही थीं। शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, फॉरबिसगंज के नेतृत्व में DIU टीम, बथनाहा थाना एवं फुलकाहा थाना के थानाध्यक्षों के साथ समन्वय स्थापित कर एक विशेष छापामारी दल का गठन किया गया। गठित टीम ने CCTV फुटेज, तकनीकी अनुसंधान एवं आसूचना संकलन के आधार पर अपराधियों की पहचान की
छापेमारी के दौरान पुलिस ने राजा चौधरी, मो. बुचो, शशि पासवान, बसंती देवी एवं मकिना खातून उर्फ माको को गिरफ्तार किया। पूछताछ के क्रम में अभियुक्तों ने स्वीकार किया कि वे सभी एक संगठित गिरोह के सदस्य हैं, जो बंद घरों की पहले रेकी कर सुनियोजित तरीके से चोरी की घटनाओं को अंजाम देते थे। जांच में यह भी सामने आया है कि इन अभियुक्तों का पूर्व से आपराधिक इतिहास रहा है तथा अररिया सहित आसपास के जिलों में दर्ज कई चोरी के मामलों में इनकी संलिप्तता पाई गई है।
पुलिस ने गिरफ्तार अभियुक्तों के पास से चांदी एवं सोने के आभूषण, मोबाइल फोन, नगद भारतीय व नेपाली मुद्रा तथा चोरी में प्रयुक्त औजार बरामद किए हैं। एसपी ने बताया कि सभी अभियुक्तों को बथनाहा थाना कांड संख्या 14/26 के तहत गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है। साथ ही अन्य लंबित चोरी मामलों में भी इनकी संलिप्तता की जांच जारी है। पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में चोरी की घटनाओं पर रोक लगने की उम्मीद जताई जा रही है।























