नजरिया न्यूज़, अररिया।
केंद्र सरकार द्वारा लाए गए यूजीसी (UGC) काला कानून के विरोध में शनिवार को अररिया समाहरणालय परिसर में एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन का आयोजन किया गया। यह धरना दिनांक 01.02.2026 को आयोजित हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में सवर्ण समाज के लोग शामिल हुए। प्रदर्शनकारियों ने “UGC काला कानून वापस लो, वापस लो” और “सवर्ण एकता जिंदाबाद” जैसे नारे लगाकर केंद्र सरकार के इस कानून का विरोध दर्ज कराया।
धरना स्थल पर वक्ताओं ने कहा कि यूजीसी के नए प्रावधान शिक्षा व्यवस्था, शिक्षकों की नियुक्ति प्रक्रिया और सामाजिक संतुलन के खिलाफ हैं।
उन्होंने आरोप लगाया कि यह कानून शिक्षा को कमजोर करने के साथ-साथ समाज में असमानता बढ़ाने वाला है। वक्ताओं ने केंद्र सरकार से इस काले कानून को अविलंब वापस लेने की मांग की।
प्रदर्शनकारियों का कहना था कि जब तक सरकार इस कानून को रद्द नहीं करती, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। धरना शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुआ, जहां प्रशासन की ओर से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। अंत में प्रदर्शनकारियों ने ज्ञापन सौंपकर अपनी मांगों से प्रशासन को अवगत कराया।























