जीतू दास भरगामा। भरगामा प्रखंड अंतर्गत सिरसिया हनुमानगंज पंचायत के सैफगंज–सुकेला मुख्य मार्ग पर बुधवार को स्वयं सहायता समूह से जुड़ी महिलाओं ने समूह का पैसा लेकर फरार होने के आरोप में सड़क जाम कर जोरदार प्रदर्शन किया। यह जाम बुद्ध चौक के समीप दोपहर करीब 12 बजे लगाया गया, जहां सैकड़ों महिलाओं ने बांस-बल्ला लगाकर मुख्य मार्ग को पूरी तरह अवरुद्ध कर दिया। सड़क जाम के कारण दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और करीब एक घंटे तक आवागमन पूरी तरह ठप रहा।
जाम के दौरान स्कूली बच्चों, मरीजों, कामकाजी लोगों और दैनिक यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। सूचना मिलते ही भरगामा थाना के एएसआई वकील राम पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और आक्रोशित महिलाओं को शांत कराने का प्रयास किया। पुलिस ने महिलाओं से लिखित शिकायत देकर कानूनी कार्रवाई का भरोसा दिलाया, जिसके बाद जाम हटाया गया।
प्रदर्शन कर रही महिलाओं—रीता देवी, पिंकी देवी, सावित्री देवी, संध्या देवी और सकीना खातून सहित अन्य—ने आरोप लगाया कि जनार्दन शर्मा की पत्नी पलविंदर देवी ने स्वयं सहायता समूह की महिलाओं के नाम पर बैंक से लोन उठवाया था। लोन के समय उन्होंने भरोसा दिलाया था कि वे समय पर बैंक की किश्तों का भुगतान स्वयं करेंगी। लेकिन आरोप है कि न तो लोन की राशि लौटाई गई और न ही अब तक कोई किश्त जमा की गई।
महिलाओं का कहना है कि अब बैंक की ओर से समूह की महिलाओं पर लगातार लोन चुकाने का दबाव बनाया जा रहा है, जिससे वे मानसिक तनाव में हैं। यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो उन्हें आर्थिक नुकसान के साथ कानूनी परेशानियों का भी सामना करना पड़ सकता है।
प्रदर्शनकारी महिलाओं ने प्रशासन से निष्पक्ष जांच कर दोषी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने मामले की जांच कर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है।























