नजरिया न्यूज़, रानीगंज/अररिया।
रानीगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत खरहट गांव में शुक्रवार 20 दिसंबर 2025 को एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक महिला की मौत हो गई। मृतका की पहचान सोनिया देवी के रूप में हुई है, जो खरहट पंचायत के गिड़वास वार्ड संख्या 4 की निवासी बताई जा रही हैं। घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है, वहीं परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सोनिया देवी अपने घर के पास सड़क किनारे खड़ी थीं। इसी दौरान अररिया की ओर से तेज रफ्तार में आ रही एक फोर व्हीलर ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि महिला मौके पर ही सड़क पर गिर पड़ी और गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसे के बाद चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही परिजन घटनास्थल पर पहुंचे और स्थानीय लोगों की मदद से घायल महिला को इलाज के लिए सदर अस्पताल अररिया लाया गया। सदर अस्पताल में प्राथमिक जांच के बाद डॉक्टरों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए पूर्णिया रेफर कर दिया। हालांकि, पूर्णिया ले जाने के क्रम में रास्ते में ही सोनिया देवी ने दम तोड़ दिया।
महिला की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। इसके बाद शव को वापस सदर अस्पताल अररिया लाया गया, जहां पोस्टमार्टम की प्रक्रिया की जा रही है। घटना की जानकारी रानीगंज थाना को दे दी गई है।
पुलिस ने बताया कि अज्ञात फोर व्हीलर चालक की तलाश की जा रही है। आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की भी जांच की जा रही है ताकि फरार वाहन और चालक की पहचान की जा सके। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने सड़क पर तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।























