नजरिया न्यूज़, अररिया। अररिया के स्थानीय नेताजी सुभाष स्टेडियम में अररिया जिला क्रिकेट लीग कांसम ट्रॉफी अंडर-16 का फाइनल मुकाबला खेला गया। रोमांचक फाइनल में एफ.सी.ए. (U-16) ने शानदार प्रदर्शन करते हुए डी.सी.ए. (U-16) को 5 विकेट से पराजित कर खिताब अपने नाम किया।
टॉस जीतकर एफ.सी.ए. (U-16) ने पहले गेंदबाज़ी करने का फैसला लिया। पहले बल्लेबाज़ी करते हुए डी.सी.ए. (U-16) की टीम 19.4 ओवर में 103 रन पर सिमट गई। डी.सी.ए. की ओर से राहुल सिद्धार्थ ने 34 रन, शादमान ने 27 रन और आनंद कुमार ने 30 रन बनाए। एफ.सी.ए. की ओर से निलाक्ष बिसाई ने घातक गेंदबाज़ी करते हुए 3.5 ओवर में 12 रन देकर 5 विकेट झटके। वहीं रौनक कुमार ने 2 विकेट और मोहित राज ने 1 विकेट हासिल किया।
लक्ष्य का पीछा करते हुए एफ.सी.ए. (U-16) ने 29 ओवर में 108 रन बनाकर मैच जीत लिया। रौनक कुमार ने 44 गेंदों पर 46 रन की शानदार पारी खेली और मैन ऑफ द मैच बने। कृष्णा ने नाबाद 19 रन तथा मोहित राज ने नाबाद 11 रन बनाकर टीम को जीत दिलाई। डी.सी.ए. की ओर से यक्षेंद्र ने 2 विकेट लिए।
मैच में अंपायर अशोक मिश्रा और अनामी शंकर रहे, जबकि स्कोरर अंकित कुमार थे। फाइनल में संतुलित टीम प्रदर्शन के दम पर एफ.सी.ए. (U-16) ने कांसम ट्रॉफी जीतकर क्रिकेट प्रेमियों को उत्साहित किया।























