- मटियारी एनएच-27 पर दर्दनाक सड़क हादसा, पति गंभीर घायल
नजरिया न्यूज़, अररिया। मासूम रेज़ा।
अररिया-पूर्णिया एनएच-27 पर मटियारी के पास गुरुवार की दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे में छठ पूजा मना कर लौट रहे दंपति की बाइक को अज्ञात चारपहिया वाहन ने टक्कर मार दी। हादसे में पत्नी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पति गंभीर रूप से घायल हो गए। मृतका की पहचान चित्रगुप्त नगर वार्ड संख्या 21 निवासी दीपक कुमार सिन्हा की 42 वर्षीय पत्नी प्रेरणा पम्पी के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, दीपक सिन्हा अपनी पत्नी को मायके पूर्णिया से लेकर अररिया लौट रहे थे। दोपहर करीब दो बजे मटियारी के समीप पीछे से आ रहे तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों सड़क पर गिर पड़े। स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए घायल दंपति को अररिया सदर अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने प्रेरणा को मृत घोषित कर दिया। दीपक की हालत गंभीर बनी हुई है और उनका इलाज चल रहा है।
मृतका के देवर विवेक सिन्हा ने बताया कि भाभी छठ मनाने मायके गई थीं और लौटते वक्त यह हादसा हो गया। प्रेरणा अपने पीछे पति और एक नाबालिग पुत्री को छोड़ गई हैं। हादसे की सूचना मिलते ही परिजनों के साथ-साथ वार्ड संख्या 21 के पार्षद पति विजय जैन, विष्णु गुप्ता, फणींद्र श्रीवास्तव, विकास प्रकाश, विनीत प्रकाश, विवेक प्रकाश समेत दर्जनों लोग अस्पताल पहुंचे और शोक संतप्त परिवार को सांत्वना दी।
अस्पताल परिसर में लोगों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी और माहौल गमगीन हो गया। परिजन फूट-फूटकर रोते रहे। स्थानीय लोगों ने एनएच-27 पर तेज रफ्तार से चलने वाले वाहनों और प्रशासनिक लापरवाही पर नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि पर्व के दिनों में ट्रैफिक नियंत्रण और गश्त बढ़ाई जानी चाहिए थी।
इधर, यातायात डीएसपी फकड़े आलम ने बताया कि हादसे की सूचना मिलते ही यातायात थाना प्रभारी प्रेमचंद कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची। फरार वाहन की पहचान के लिए आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। दोषी चालक को जल्द गिरफ्तार कर विधिक कार्रवाई की जाएगी।
डीएसपी ने कहा कि एनएच-27 पर स्पीड
लिमिट का पालन न करने वालों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे। यह हादसा सड़क सुरक्षा की अनदेखी और लापरवाही का परिणाम है। प्रशासन ने पीड़ित परिवार को हर संभव सहायता और न्याय दिलाने का आश्वासन दिया है।























