नजरिया न्यूज़, अररिया।
अनुमंडल कार्यालय, अररिया में अनुमंडल पदाधिकारी श्री रवि प्रकाश की अध्यक्षता में आगामी 24 अगस्त 2025 को लोकसभा में प्रतिपक्ष के नेता माननीय राहुल गांधी एवं बिहार विधानसभा में प्रतिपक्ष के नेता माननीय तेजस्वी प्रसाद यादव के संभावित अररिया आगमन और रोड शो को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में अनुमंडल स्तरीय सभी प्रशासनिक और पुलिस पदाधिकारी शामिल हुए और सुरक्षा एवं विधि-व्यवस्था को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।
बैठक की शुरुआत में अनुमंडल पदाधिकारी ने बताया कि दोनों नेताओं का अररिया शहरी क्षेत्र में रोड शो प्रस्तावित है। इसके तहत जीरो माइल से चाँदनी चौक, चाँदनी चौक से बस स्टैंड होते हुए रजोखर तक तथा चाँदनी चौक से गोधी चौक तक का मार्ग निर्धारित किया गया है। इस दौरान सुरक्षा व्यवस्था और भीड़-नियंत्रण को लेकर नगर परिषद और थाना प्रभारी को निर्देशित किया गया कि सड़क के दोनों ओर लगे सभी अस्थायी ढांचे जैसे तंबू, शेड, सीढ़ियां, दुकानें और अन्य वस्तुओं को प्रचार-प्रसार के माध्यम से हटवा दिया जाए।
इसके अलावा, 24 अगस्त को सुबह 6 बजे से शाम 6 बजे तक अररिया शहरी क्षेत्र में टोटो और ऑटो परिचालन पूरी तरह से बंद रखने का आदेश जारी किया गया। इसके लिए ऑटो-टोटो संघ के अध्यक्ष और सचिव को भी प्रशासनिक स्तर पर सहयोग करने का निर्देश दिया गया।
पुलिस उपाधीक्षक (यातायात) ने बताया कि रोड शो मार्ग पर बैरिकेडिंग और ड्रॉप गेट लगाए जाएंगे, ताकि किसी भी तरह का अवांछित वाहन प्रवेश न कर सके। अनुमंडल पदाधिकारी ने भवन प्रमंडल और थाना प्रभारी को मिलकर आवश्यक कार्रवाई करने को कहा। वहीं, बिजली आपूर्ति प्रमंडल को कार्यक्रम के दौरान समुचित व्यवस्था और आपूर्ति बंद करने की जिम्मेदारी सौंपी गई। साथ ही, सिविल सर्जन और अग्निशमन विभाग को भी अलर्ट रहने और हर स्थिति से निपटने को तैयार रहने का निर्देश दिया गया।
यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए विस्तृत योजना बनाई गई। बैठक में निर्णय लिया गया कि –
जोकीहाट मार्ग से आने वाले वाहनों को टोल प्लाजा पर रोक दिया जाएगा। रोड शो में आने वाले वाहनों की पार्किंग पीपुल्स कॉलेज और अल-शम्स-मिल्लिया कॉलेज में होगी।
रानीगंज से आने वाले भारी वाहन गीतवास टोल प्लाजा पर और छोटे वाहन अररिया कॉलेज में पार्क होंगे।
ताराबाड़ी और रामपुर मार्ग से आने वाले वाहनों की पार्किंग बाबाजी कुटिया के पास खाली मैदान में की जाएगी।
महिशाकोल और बॉसबाड़ी से आने वाले वाहनों की पार्किंग सर्किट हाउस के सामने ईदगाह मैदान और हड़िया मार्ग पर होगी।
अनुमंडल पदाधिकारी ने सभी थानाध्यक्षों को निर्देश दिया कि वे स्वयं स्थल का निरीक्षण करें और अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के साथ समन्वय बनाकर सुरक्षा व्यवस्था को पुख्ता करें।
बैठक में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, पुलिस उपाधीक्षक (यातायात), नगर परिषद पदाधिकारी, भवन प्रमंडल अभियंता, विद्युत आपूर्ति प्रमंडल, स्वास्थ्य विभाग और अग्निशमन पदाधिकारी समेत सभी संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
इस प्रकार प्रशासन ने राहुल गांधी और तेजस्वी यादव के संभावित दौरे को लेकर सुरक्षा, यातायात और जनसुविधा की हर पहलू पर तैयारी शुरू कर दी है।





















