नजरिया न्यूज़, अररिया।
जीविका दीदियों के आर्थिक और सामाजिक उत्थान की कहानियों को व्यापक स्तर पर प्रसारित करने के उद्देश्य से जीविका, अररिया की ओर से जिला कार्यालय स्थित एफटीआईसी हॉल में एक दिवसीय केस राइटिंग प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस प्रशिक्षण में जिले के सभी नौ प्रखंडों से चुने गए तीन-तीन कैडर्स ने भाग लिया।
प्रशिक्षण का उद्घाटन करते हुए प्रबंधक स्वास्थ्य एवं पोषण शैलेन्द्र कुमार तथा प्रबंधक संचार नारायण कुमार ने कैडर्स को विस्तार से बताया कि सफलता की कहानियों को किस तरह लिखा जाए, ताकि वह न सिर्फ पढ़ने योग्य हो बल्कि प्रेरणादायक भी बने। उन्होंने कहा कि जीविका दीदियों की संघर्ष और उपलब्धियों से जुड़ी कहानियां लिखने का मकसद यही है कि अन्य महिलाएं भी उनसे प्रेरणा लेकर आत्मनिर्भरता की दिशा में कदम बढ़ा सकें।
कार्यक्रम के दौरान कैडर्स को सोशल मीडिया के महत्व और उसके प्रभावी उपयोग के बारे में भी जानकारी दी गई। उन्हें यह भी बताया गया कि डॉक्यूमेंटेशन के उद्देश्य से जीविका दीदियों के वीडियो किस तरह शूट किए जाएं ताकि उन्हें विभिन्न सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म और प्रचार सामग्री में प्रभावी रूप से इस्तेमाल किया जा सके।
इस अवसर पर राज्य कार्यालय से आए संचार के राज्य परियोजना प्रबंधक पवन कुमार प्रियदर्शी ने प्रशिक्षणार्थियों को केस राइटिंग की बारीकियों से अवगत कराया। उन्होंने बताया कि किसी भी सफलता की कहानी को रोचक और प्रभावशाली बनाने के लिए उसमें दीदी की वास्तविक संघर्ष गाथा, उनकी सोच और उपलब्धियों का स्पष्ट चित्रण होना चाहिए। साथ ही उन्होंने वीडियो शूटिंग के दौरान प्रकाश, ध्वनि और फ्रेमिंग जैसे पहलुओं पर विशेष ध्यान देने की सलाह दी।
प्रशिक्षण में शामिल जिला परियोजना प्रबंधक नवीन कुमार ने कहा कि जीविका दीदियों की कहानियां समाज को नई दिशा देने का कार्य करती हैं। अररिया जिले की महिलाएं किस प्रकार आत्मनिर्भर बनकर सफलता हासिल कर रही हैं, यह इन कहानियों के माध्यम से ही सामने आता है। उन्होंने सभी कैडर्स से अपील की कि ज्यादा से ज्यादा कहानियों को लिखकर समाज के सामने प्रस्तुत करें ताकि जीविका दीदियों की उपलब्धियां दूर-दूर तक फैल सके।
यह प्रशिक्षण कार्यक्रम न केवल कैडर्स के लिए सीखने का अवसर साबित हुआ, बल्कि इसके माध्यम से जीविका दीदियों की संघर्ष और सफलता की गाथा को व्यापक स्तर पर पहुंचाने का मार्ग भी प्रशस्त हुआ।





















