नजरिया न्यूज़, अररिया।
जिला पदाधिकारी अररिया श्री अनिल कुमार ने मंगलवार को राजस्व महाअभियान के अंतर्गत चल रहे शिविरों का निरीक्षण किया। इस क्रम में उन्होंने कमलदाहा पंचायत में आयोजित शिविर का जायजा लिया और अधिकारियों को कई आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने कहा कि यह अभियान रैयतों के भूमि संबंधी अभिलेखों के सुधार एवं अद्यतीकरण की दिशा में एक बड़ा कदम है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जमाबंदी वितरण कार्य में पंचायत प्रतिनिधियों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाए, ताकि कार्य की गति तेज हो और अधिक से अधिक लोगों को समय पर लाभ मिल सके।
उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों को प्रतिदिन का प्रतिवेदन जिला राजस्व शाखा को ससमय उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। साथ ही प्रत्येक दिन किए गए जमाबंदी वितरण एवं हल्कावार कैम्प से संबंधित विवरण को निर्धारित पोर्टल पर अनिवार्य रूप से ऑनलाइन दर्ज करने पर जोर दिया।
राजस्व महाअभियान के संबंध में जानकारी दी गई कि यह कार्यक्रम 16 अगस्त 2025 से 20 सितंबर 2025 तक संचालित होगा। इस दौरान रैयतों के जमीन संबंधी अभिलेखों में सुधार, उत्तराधिकारी नामांतरण, बंटवारा नामांतरण जैसे कार्य किए जाएंगे। इसके लिए डोर-टू-डोर अभियान चलाकर आवेदन पत्र संग्रहित किए जा रहे हैं।
जिलाधिकारी ने बताया कि अभियान के अंतर्गत ऑनलाइन की गई जमाबंदियों की प्रति सीधे रैयतों को उनके घर पर उपलब्ध कराई जा रही है। वहीं, जिन जमाबंदियों में सुधार अथवा नामांतरण की आवश्यकता है, उसके लिए हल्का स्तर पर आयोजित शिविरों में आवेदन लिए जा रहे हैं।
निरीक्षण के अवसर पर जिलाधिकारी के साथ अपर समाहर्ता अररिया श्री अनिल झा, अंचल अधिकारी अररिया सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद थे।





















