कुर्साकांटा संवाददाता रंजन राज।
कुर्साकांटा प्रखंड क्षेत्र के कुआड़ी पंचायत में राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग की पहल पर कर्मचारी घर-घर जाकर लोगों को जमाबंदी की प्रति उपलब्ध करा रहे हैं। इस व्यवस्था से ग्रामीणों को बड़ी राहत मिली है। स्थानीय लोगों ने कहा कि अब जमीन संबंधी कागजात के लिए बार-बार प्रखंड कार्यालय का चक्कर नहीं लगाना पड़ेगा।
जिन कागजातों में त्रुटि पाई जा रही है, उसके समाधान हेतु शिविर में विशेष फॉर्म उपलब्ध कराए जा रहे हैं। ग्रामीणों को निर्देश दिया गया है कि त्रुटिपूर्ण अभिलेखों के सुधार हेतु फॉर्म भरकर शिविर में जमा करें, ताकि समय पर समाधान किया जा सके।
कुआड़ी पंचायत के कर्मचारी व कर्मी ग्रामीणों के घर-घर जाकर जमाबंदी बांट रहे हैं। इसी क्रम में स्थानीय जमींदार आलोक कुमार व मोहम्मद कुदुस ने बताया कि शुक्रवार करिब 4 बजे कर्मचारी उनके घर आए थे और जमाबंदी की प्रति सौंपी। उन्होंने कहा, “जमाबंदी में मेरे भाई के नाम में त्रुटि दर्ज है। कर्मचारी ने फॉर्म भरकर शिविर में जमा करने की बात कही, ताकि त्रुटि का शीघ्र समाधान हो सके।”
ग्रामीणों ने सरकार की इस पहल का स्वागत करते हुए कहा कि इससे समय और धन दोनों की बचत होगी। साथ ही, पारदर्शिता बढ़ेगी और लोगों को अपने जमीन से जुड़े कागजात आसानी से मिल जाएंगे।





















