नजरिया न्यूज़, अररिया। मासूम रेज़ा।
अररिया नगर थाना अंतर्गत आजाद नगर वार्ड नंबर 19 में शुक्रवार को सुबह 9:00 के आस-पास आपसी विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट हो गई। इस घटना में सरवर नामक युवक बुरी तरह घायल हो गया। जानकारी के अनुसार विवाद की जड़ आपसी कहासुनी थी, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई। आरोप है कि विरोधी पक्ष ने लाठी-डंडे और ईंट-पत्थरों से हमला कर सरवर को गंभीर रूप से जख्मी कर दिया।
घटना के दौरान स्थानीय लोगों ने बीच-बचाव करने की कोशिश की, लेकिन स्थिति बिगड़ती चली गई। कुछ प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि सरवर को लहूलुहान हालत में तुरंत सदर अस्पताल, अररिया लाया गया, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उसका इलाज जारी है। डॉक्टरों के अनुसार सरवर की हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है, लेकिन उसे गहन निगरानी में रखा गया है।
वहीं, घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रण में लिया। फिलहाल पुलिस ने कहां है कि आवेदन मिलते ही मामले की जांच शुरू कर दी जाएगी। 
इसके बाद मोहल्ले के लोग इस तरह की घटनाओं पर चिंता जाहिर करते हुए प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।





















