नजरिया न्यूज़, सुपौल।
सुपौल में कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव वीरेंद्र सिंह राठौड़ मंगलवार के दोपहर 3 बजे सुपौल के सर्किट हाउस पहुंचे, जहां उन्होंने महागठबंधन के नेताओं के साथ बैठक की। बैठक के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस कर उन्होंने जानकारी दी कि 26 अगस्त को विपक्ष के नेता राहुल गांधी पहली बार सुपौल की धरती पर पदयात्रा करेंगे।
राठौड़ ने बताया कि यह पदयात्रा हुसैन चौक से शुरू होकर महावीर चौक, लोहिया नगर, सिसौनी, भपटियाही होते हुए निर्मली प्रखंड के मझारी तक जाएगी। प्रशांत किशोर के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए राठौड़ ने कहा कि “राहुल गांधी ऐसे नेता हैं जो लगातार बिहार सहित पूरे देश के मुद्दों को उठाते रहे हैं। हिंदुस्तान का कोई दूसरा नेता नहीं होगा जिसने बिहार के सवालों पर इतनी बुलंद आवाज उठाई हो। राहुल गांधी सिर्फ चुनाव के समय नहीं आते, बल्कि जमीनी स्तर पर जनता को जोड़ने का काम कर रहे हैं।”
उन्होंने बताया कि इस पदयात्रा का मुख्य उद्देश्य चुनाव आयोग द्वारा वोट चोरी के मामलों को लेकर जनता के बीच जागरूकता फैलाना है।






















