नजरिया न्यूज़, अररिया।
अररिया जिले के नगर थाना क्षेत्र अंतर्गत गाछी टोला वार्ड संख्या 24 में मंगलवार की सुबह एक दर्दनाक घटना ने इलाके को हिलाकर रख दिया। 25 वर्षीय युवक करण कुमार राय ने अपने भाड़े के मकान में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। इस घटना से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई और बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए।
मृतक करण कुमार राय मूल रूप से कटिहार जिले का रहने वाला था। उसने करीब छह महीने पहले अपनी पसंद से लव मैरेज किया था। शादी के बाद वह अपनी पत्नी के साथ गाछी टोला स्थित किराए के मकान में रह रहा था। बताया जा रहा है कि इस विवाह को लेकर उसकी मां नाराज थीं। बीते रविवार को रक्षाबंधन के मौके पर करण ने अपनी पत्नी को मायके छोड़ दिया था और सोमवार को अकेले अररिया लौट आया था। मंगलवार की सुबह लगभग 9 बजे उसकी मौत की खबर फैलते ही इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
सूचना मिलते ही नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल अररिया भेज दिया। साथ ही फॉरेंसिक साइंस लैब (एफएसएल) की टीम को भी बुलाया गया, जिसने घटनास्थल से महत्वपूर्ण साक्ष्य एकत्र किए। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि परिजनों के लिखित आवेदन और जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
मृतक के चाचा रोशन कुमार राय ने बताया कि करण का विवाह उसकी अपनी पसंद से हुआ था, जिसे लेकर परिवार पूरी तरह सहमत नहीं था। शादी के बाद से ही करण पत्नी के साथ किराए के मकान में रह रहा था। परिजनों के अनुसार, वह हाल के दिनों में मानसिक तनाव में था। हालांकि, आत्महत्या के पीछे का वास्तविक कारण अभी स्पष्ट नहीं है।
परिजनों के कटिहार से अररिया पहुंचते ही घर में कोहराम मच गया। रो-रोकर परिवार के लोग बेसुध हो गए। इस बीच, स्थानीय लोगों में भी इस घटना को लेकर कई तरह की चर्चाएं हो रही हैं। कुछ लोग पारिवारिक कलह को वजह मान रहे हैं, तो कुछ का मानना है कि युवक व्यक्तिगत कारणों से अवसाद में था।
नगर थाना पुलिस ने कहा कि मामले की जांच पूरी गंभीरता से की जा रही है। पोस्टमार्टम और एफएसएल रिपोर्ट आने के बाद ही यह साफ हो पाएगा कि आखिर किन परिस्थितियों में करण ने यह चरम कदम उठाया।
इस दर्दनाक घटना ने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया है। लोग अब भी यह समझ नहीं पा रहे हैं कि खुशहाल वैवाहिक जीवन की शुरुआत करने वाला युवक अचानक इतनी बड़ी त्रासदी का शिकार कैसे हो गया।





















