नजरिया न्यूज़, बथनाहा/अररिया। मंगलवार को 56वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल, बथनाहा के उच्च मुख्यालय के आदेशानुसार और कमांडेंट श्री शाश्वत कुमार (आई.पी.एस.) की अध्यक्षता में आजादी के अमृत महोत्सव के अंतर्गत हर घर तिरंगा कार्यक्रम के तहत तिरंगा बाइक एवं साइकिल रैली का भव्य आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का उद्देश्य प्रत्येक नागरिक के भीतर देशभक्ति की गहरी भावना जगाना और राष्ट्रीय ध्वज के महत्व के प्रति जागरूकता बढ़ाना था। रैली वाहिनी मुख्यालय से प्रारंभ होकर आईसीपी गेट जोगबनी तक निकाली गई और पुनः मुख्यालय में समापन हुआ।
साइकिल रैली के दौरान स्थानीय ग्रामीणों को 13 से 15 अगस्त के बीच अपने घर पर तिरंगा फहराकर आजादी का अमृत महोत्सव मनाने और तिरंगे के साथ अपनी सेल्फी www.harghartiranga.com पर अपलोड करने के लिए प्रेरित किया गया।
इस कार्यक्रम में 56वीं वाहिनी मुख्यालय के अधिकारीगण, अन्य बलकर्मी, तथा संयुक्त अस्पताल एसएसबी बथनाहा के अधिकारी एवं कर्मी उत्साहपूर्वक शामिल हुए। सभी प्रतिभागियों ने हाथों में तिरंगा लेकर राष्ट्रभक्ति के नारों के साथ जनजागरूकता का संदेश दिया, जिससे पूरे क्षेत्र का माहौल देशभक्ति के रंग में रंग गया।





















