कुर्साकांटा नजरिया न्यूज़।
संवाददाता : रंजन राज।
मंगलवार सुबह 11 बजे प्रखंड कार्यालय परिसर, कुर्साकांटा में आयोजित विद्युत उपभोक्ता संवाद शिविर में सैकड़ों उपभोक्ताओं ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का लाइव संबोधन सुना। एलईडी स्क्रीन के माध्यम से सीएम ने पूरे राज्य के उपभोक्ताओं से सीधे संवाद किया और घरेलू उपभोक्ताओं के लिए प्रतिमाह 125 यूनिट मुफ्त बिजली योजना की विस्तृत जानकारी दी।
मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम में उपभोक्ताओं की समस्याएं भी सुनीं और उनके त्वरित समाधान का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि सरकार की यह योजना उपभोक्ताओं के आर्थिक बोझ को कम करने की दिशा में अहम कदम है।
कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए विद्युत विभाग और स्थानीय प्रशासन की ओर से विशेष तैयारी की गई थी। इसमें बीपीआरओ अमित कुमार मिश्रा, बीपीएम, विद्युत कर्मी मुमताज आलम, विक्रम कुमार मंडल, सुपरवाइजर हरेंद्र कुमार, रमेश कुमार, अजय कुमार, प्रियव्रत कुमार, आजाद आलम, मोहम्मद शहजाद, अमन कुमार, मोहम्मद जावेद, दिवाकर कुमार, युगल कुमार, अभिषेक कुमार सहित दर्जनों कर्मियों ने सक्रिय भूमिका निभाई।
जानकारी देते हुए विद्युत कनिष्ठ अभियंता अरविंद कुमार ने बताया कि कार्यक्रम अत्यंत सफल रहा और लोगों ने मुख्यमंत्री की बातों को बड़े ध्यान से सुना। उन्होंने कहा कि इस तरह के संवाद शिविर से उपभोक्ताओं को योजनाओं की पूरी जानकारी मिलती है और वे अपनी समस्याएं सीधे सरकार तक पहुंचा सकते हैं।
शिविर को लेकर पूरे प्रखंड क्षेत्र में सिटी गाड़ी के माध्यम से लगातार अनाउंसमेंट किया गया, जिससे बड़ी संख्या में उपभोक्ता इसमें शामिल हो सके। यह संवाद शिविर न केवल प्रखंड कार्यालय परिसर, कुर्साकांटा में बल्कि पंचायत भवन पहुंसी, उत्क्रमित मध्य विद्यालय बटरहा तथा पंचायत भवन सोरगांव में भी आयोजित हुआ, जहां सभी स्थानों पर कार्यक्रम सफल रहा और उपभोक्ताओं ने बड़ी उत्सुकता से मुख्यमंत्री का संदेश सुना।





















