नजरिया न्यूज़, पलासी। संजय ठाकुर।
पलासी प्रखंड अंतर्गत कालियागंज निवासी पत्रकार एवं कपड़ा व्यवसायी प्रकाश गुप्ता को जान से मारने और उनके कपड़े के व्यवसाय में आग लगाने की धमकी देने का मामला सामने आया है।
प्रकाश गुप्ता पिछले कई वर्षों से कालियागंज में कपड़ों का व्यवसाय कर रहे हैं और क्षेत्र में एक प्रतिष्ठित व्यक्ति के रूप में जाने जाते हैं। व्यवसाय के साथ-साथ वे एक न्यूज़ चैनल के पत्रकार भी हैं।
जानकारी के अनुसार, कालियागंज के ही एक स्थानीय निवासी ने उनके साथ अभद्र व्यवहार किया और जातिसूचक गालियां दीं। पूरा घटनाक्रम सीसीटीवी कैमरे में कैद हो चुका है। घटना के समय दुकान में केवल प्रकाश गुप्ता और उनका सहयोगी मौजूद थे। उनके बच्चे स्कूल में थे और पत्नी घर से बाहर गई हुई थी। इसी बीच दो व्यक्तियों ने आकर न केवल जान से मारने की धमकी दी बल्कि दुकान में आग लगाने की भी चेतावनी दी।
इस घटना से प्रकाश गुप्ता और उनका परिवार गहरे सदमे और भय में है। उन्होंने बताया कि यह हमला जानलेवा था और इससे उनके परिवार की सुरक्षा को गंभीर खतरा है। उन्होंने मामले की जानकारी पलासी थाना को देने की बात कही है।
अब देखना होगा कि आवेदन प्राप्त होने के बाद पलासी थाना प्रभारी इस पूरे मामले में क्या कार्रवाई करते हैं। स्थानीय लोगों में भी इस घटना को लेकर आक्रोश है और सभी आरोपी व्यक्तियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।





















