नजरिया न्यूज़, अररिया।
जिले में साइबर अपराध के बढ़ते मामलों पर लगाम लगाने के लिए अररिया पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक संगठित साइबर ठगी गिरोह का पर्दाफाश किया है। इस अभियान में कुल आठ साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया गया है। इनसे भारी मात्रा में ATM कार्ड, पासबुक, मोबाइल फोन, नगद राशि, मोटरसाइकिल और एक कार बरामद की गई है।
पुलिस अधीक्षक अंजनी कुमार ने बताया कि 6 अगस्त 2025 को अररिया थाना क्षेत्र में साइबर ठगी की गुप्त सूचना मिलने के बाद विशेष टीम गठित की गई। इस टीम ने पहली गिरफ्तारी काली मंदिर चौक स्थित एसबीआई शाखा के ATM से की, जहां से पटना निवासी मो० शयान मंजर (उम्र 29 वर्ष) को पकड़ा गया। उसके पास से 4 ATM कार्ड, 10 हजार रुपये नकद और एक एंड्रॉयड मोबाइल बरामद हुआ।
पूछताछ में शयान ने बताया कि वह होटल में रहकर पिछले एक सप्ताह से ठगी की राशि निकालने का कार्य कर रहा था। उसकी निशानदेही पर जीरो माइल के पास से तीन अन्य आरोपियों – मो० सहमद (30), अरविन्द्र कुमार साह (28) और तनवीर (33) – को गिरफ्तार किया गया। ये सभी मदनपुर थाना क्षेत्र के निवासी हैं। इनके पास से 3 मोबाइल, 7 डेबिट कार्ड, 10 पासबुक, 5 चेकबुक और एक मोटरसाइकिल जब्त की गई।
पुलिस के अनुसार, यह गिरोह व्हाट्सएप के माध्यम से निर्देश प्राप्त कर लोगों को झांसा देकर उनके नाम पर बैंक खाता खुलवाता था और उसमें ठगी की रकम डलवाता था। आरोपी 8% कमीशन लेकर शेष राशि CDM मशीन के जरिए मुख्य सरगना को ट्रांसफर कर देते थे।
इसके अतिरिक्त 7 अगस्त को वर्मा सेल के पास से चार और अपराधियों को गिरफ्तार किया गया। इनके पास से 6 मोबाइल, 8 ATM कार्ड, 4 आधार कार्ड, 3 पैन कार्ड, एक कार, एक बुलेट बाइक और एक पल्सर मोटरसाइकिल बरामद की गई।
गिरफ्तार अपराधियों के विरुद्ध अररिया थाना में दो अलग-अलग प्राथमिकी (कांड संख्या 318/25 और 319/25) दर्ज की गई हैं। अन्य फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है। पुलिस इस मामले की गहराई से जांच कर रही है।
यह कार्रवाई जिले में साइबर अपराध पर लगाम लगाने की दिशा में मील का पत्थर साबित हो रही है।























