नजरिया न्यूज़, अररिया।
अररिया शहर के शाही पैलेश में आयोजित भव्य सीरत कॉन्फ्रेंस में बिहार सरकार के राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान बतौर मुख्य अतिथि शामिल हुए। कार्यक्रम का विषय “प्रोफेटिक मॉडल एंड आवर लाइफ” रखा गया था, जिसमें बड़ी संख्या में बुद्धिजीवी, शिक्षाविद, सामाजिक कार्यकर्ता और आम लोग मौजूद रहे। कॉन्फ्रेंस का आयोजन CPOS इंडिया (Centre for Peace and Objective Studies) की ओर से किया गया था।
अपने संबोधन में राज्यपाल ने पैगंबर के जीवन और उनके आदर्शों को वर्तमान जीवन से जोड़ते हुए कहा कि आज की समस्याओं का समाधान बाहर नहीं, बल्कि इंसान के अपने भीतर छिपा है। उन्होंने कहा कि यदि व्यक्ति अपनी वर्तमान स्थिति को बेहतर बनाना चाहता है तो उसे आत्ममंथन करना होगा और अपने आचरण व सोच में सुधार लाना होगा। राज्यपाल ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि नैतिकता, ईमानदारी और करुणा जैसे मूल्य ही समाज को सही दिशा दे सकते हैं।
कॉन्फ्रेंस के दौरान राज्यपाल ने उपस्थित लोगों के सवाल भी लिए और एक-एक कर सभी प्रश्नों का संतुलित और तार्किक जवाब दिया। उनके उत्तरों से श्रोतागण खासे प्रभावित नजर आए। उन्होंने युवाओं को विशेष रूप से संबोधित करते हुए कहा कि पैगंबर के जीवन से प्रेरणा लेकर वे अपने लक्ष्य तय करें और समाज में सकारात्मक बदलाव लाने का प्रयास करें।
आयोजकों की ओर से बताया गया कि इस कॉन्फ्रेंस का मुख्य उद्देश्य शांति, सौहार्द और नैतिक मूल्यों को बढ़ावा देना है। कार्यक्रम के अंत में CPOS इंडिया की टीम ने राज्यपाल का आभार व्यक्त किया। सीरत कॉन्फ्रेंस अररिया में सामाजिक और बौद्धिक विमर्श का एक महत्वपूर्ण मंच साबित हुई, जिसने लोगों को सोचने और आत्मविश्लेषण के लिए प्रेरित किया।























