संतोष कुमार
नजरिया न्यूज।भवानीपुर
भवानीपुर-मजौरा मुख्य सड़क पर बसंतपुर चिंतामणि उस्कावरी पंचायत के महेशपुरा गांव में मक्का लदे ट्रेक्टर से कुचलकर एक युवक की मौत हो गयी । घटना बुधवार सुबह लगभग नौ बजे की है । मृतक युवक बसंतपुर चिंतामणि उस्कावरी पंचायत अंतर्गत मधवापुर वार्ड 5 निवासी कन्हैया शर्मा का पुत्र छतिश कुमार 20 बर्ष । घटना के बाद ट्रेक्टर चालक ट्रेक्टर लेकर भाग रहा था जिसे ग्रामीणों ने काफी दूर पीछाकर पकड़ा । इस दौरान ट्रेक्टर चालक ट्रेक्टर को सड़क पर खड़ा कर वहां से भाग निकला । घटना के बाद मौके पर पहुंचे सैकड़ों ग्रामीणों ने घटनास्थल पर पहुंच भवानीपुर-मजौरा मुख्य सड़क को घंटो जाम कर दिया ।
जाम की वजह से घटनास्थल के दोनों तरफ वाहनों की लंबी लाइन लग गयी थी । मृतक के परिजनों ने बताया कि छतिश कुमार बुधवार की सुबह लगभग साढ़े आठ बजे खेत के नजदीक अपनी बाइक लगाकर सड़क किनारे किसी से बात कर रहा था । इसी दौरान मजौरा की तरफ से आ रहे मक्का लदे ओवरलोड ट्रेक्टर ने उसे धक्का मार दिया । ट्रेक्टर के धक्का लगने से छतिश कुमार ट्रेक्टर के आगे गिर गया और ट्रेक्टर चालक उसे कुचलते हुए भागने लगा ।
ट्रेक्टर से कुचलने से छतिश कुमार की घटनास्थल पर ही मौत हो गयी । घटना की जानकारी मिलते ही बलिया थानाध्यक्ष अजय कुमार सदलबल के साथ मौके पर पहुंच आक्रोशितों को समझाने का काफी प्रयास किया । परन्तु आक्रोशित उनकी बात को मानने से इनकार कर दिया । मामले की गंभीरता को देखते हुए धमदाहा अंचल पुलिस निरीक्षक कौशल कुमार, भवानीपुर थानाध्यक्ष सुनील कुमार, अकबरपुर थानाध्यक्ष अनुज कुमार राज, भवानीपुर के प्रशिक्षु बीडीओ विकाश कुमार मौके पर पहुंच आक्रोशितों को समझाया । सभी अधिकारियो के द्वारा काफी देर समझाने के बाद सभी आक्रोशित मानने को तैयार हुए ।
जिसके बाद बलिया थाना पुलिस ने मृतक के शव को एकत्रित कर पंचनामा तैयार करते हुए पुलिस अभिरक्षा में पोस्टमार्टम के लिए पूर्णियाँ भेज दिया । वहीं दुर्घटना करने वाले ट्रेक्टर को ग्रामीणों ने पकड़ कर वार्ड सदस्य के दरवाजे पर लगा दिया । इस संबंध में धमदाहा अंचल पुलिस निरीक्षक कौशल कुमार ने बताया कि मृतक युवक में शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है । उन्होंने बताया कि पुलिस के द्वारा अग्रेतर कार्रवाई किया जा रहा है ।






















