- जिलास्तरीय रेड रिबन क्विज प्रतियोगिता का हुआ सफल आयोजन, जिलाधिकारी ने किया उद्घाटन
- जागरूक होंगे युवा तो समाज में सही जानकारी का होगा प्रसार, सकारात्मक बदलाव होगा संभव
अररिया, 23 जुलाई ।
जिले के युवाओं को एचआईवी एड्स के खतरों के प्रति जागरूक करने उद्देश्य से जिला स्तरीय रेड रिबन क्विज प्रतियोगिता का आयोजन बुधवार को आयोजित किया गया। बिहार राज्य एड्स नियंत्रण समिति से प्राप्त दिशा निर्देश के आलोक में जिला प्रशासन, स्वास्थ्य विभाग व शिक्षा विभाग के संयुक्त तत्वावधान में शहर के टॉउन हॉल में आयोजित इस प्रतियोगिता का उद्घाटन जिलाधिकारी अनिल कुमार ने किया। मौके पर सिविल सर्जन डॉ केके कश्यप, सीडीओ डॉ मोईज, डीईओ संजय कुमार, डीपीएम एड्स अखिलेश कुमार सिंह सहित अन्य अधिकारी मौजूद थे। रेड रिबन क्विज प्रतियोगिता में जिले के सभी 09 प्रखंडों के विभिन्न विद्यालयों के चयनित कुल 27 छात्र-छात्राओं ने भाग लिया। बहु वैकल्पिक प्रश्नों पर आधारित इस प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 03 विजेता व 03 उपविजेताओं को आकर्षक उपहार व प्रमाणपत्र से सम्मानित किया गया।
जागरूक होंगे युवा तो समाज में होगा सकारात्मक बदलाव
जिला स्तरीय क्विज प्रतियोगिता को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी अनिल कुमार ने कहा कि इस प्रतियोगिता का उद्देश्य छात्र-छात्राओं के बौद्धिक क्षमता को बढ़ावा देने के साथ-साथ युवा छात्र-छात्राओं को एचआईवी एड्स जैसे संवेदनशील विषय के प्रति उन्हें जागरूक करना है। हमारे युवा जब जागरूक होंगे, तभी समाज में सही जानकारी का प्रसार होगा व सकारात्मक बदलाव संभव हो पायेगा। उन्होंने प्रतिभागी छात्र-छात्राओं से अपने स्तर से समाज में एचआईवी एड्स को लेकर व्याप्त भ्रम व अज्ञातना को दूर करते हुए हम एक स्वस्थ, जागरूक व समावेशी समाज की दिशा में अग्रसर होंगे।
सफल प्रतिभागी राज्यस्तरीय क्विज प्रतियोगिता में होंगे शामिल
प्रतियोगिता में एचआईवी-एड्स, किशोर स्वास्थ्य, सामान्य जागरूकता, स्वास्थ्य, खेलकूद, सम सामयिकी व राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रम से संबंधित प्रश्न पूछे गये। इसमें राज्य एड्स नियंत्रण समिति के रिसोर्स पर्सन राहुल कुमार सिंह व अरुण कुमार ने क्विज मास्टर की भूमिका निभाई। डीपीएम एड्स अखिलेश कुमार सिंह ने बताया कि प्रतियोगिता में यूएचएस ठेकपुरा की गुनगुन कुमारी प्रथम व प्रियंका कुमारी दूसरे स्थान पर रही। प्लस टू विद्यालय हांसा के अंश कुमार प्रतियोगिता में तीसरे स्थान पर रहे। जिलास्तरीय क्विज प्रतियोगिता में चयनित गुनगुन कुमारी व प्रियंका कुमार आगामी 30 जुलाई को राज्यस्तरीय प्रतियोगिता में जिला का प्रतिनिधित्व करेंगी। प्रतियोगिता के सफल आयोजन में जिला शिक्षा विभाग का सक्रिय सहयोग रहा। डीईओ संजय कुमार के कुशल मार्गदर्शन में कार्यक्रम सफलता पूर्वक संपन्न हुआ। आयोजन को सफल बनाने में शिक्षक निरंजन कुमार सिंह, नरसिंह नाथ मंडल, विवेक कुमार मंडल, दानिश राजा, दानियाल राजा, शशि भूषण, साएम कैसर, अमर आनंद, अनु कुमारी ने उल्लेखनीय भूमिका निभाई।





















