नजरिया न्यूज़, फॉरबिसगंज/अररिया।
फारबिसगंज विधानसभा क्षेत्र में राजद के प्रत्याशी एवं अतिपिछड़ा प्रकोष्ठ के प्रदेश उपाध्यक्ष मंडल अविनाश आनंद ने जनसंपर्क अभियान को तेज करते हुए अनेकों गांवों और टोले-मुहल्लों में जाकर आम जनता से सीधा संवाद किया। उन्होंने लोगों से राजद के पक्ष में वोट देने की अपील करते हुए कहा कि यह चुनाव सिर्फ एक विधायक चुनने का नहीं, बल्कि गरीब, किसान, मजदूर और महिलाओं की तरक्की का चुनाव है।
अविनाश आनंद ने फारबिसगंज के बेलवा, चौराही, नरपतगंज, कुर्साकांटा, मधुरा, बथनाहा, परवाहा सहित दर्जनों गांवों का दौरा किया और गांव-गांव जाकर लोगों से मुलाकात की। उन्होंने खेतों में काम कर रही महिलाओं, दुकानदारों, रिक्शा चालकों और युवाओं से मिलकर तेजस्वी यादव की नीतियों को साझा किया।
उन्होंने बताया कि राजद की सरकार बनने पर ‘माई बहिन योजना’ के तहत महिलाओं को हर महीने ₹2500 की आर्थिक सहायता मिलेगी, साथ ही गैस सिलेंडर मात्र ₹500 में दिया जाएगा।
जनता को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा, “राजद सामाजिक न्याय, शिक्षा, रोजगार और महिला सशक्तिकरण के लिए प्रतिबद्ध है। हमारी सरकार बनेगी तो गांव में शिक्षा, सड़क, स्वास्थ्य और सिंचाई की सुविधाएं प्राथमिकता पर रहेंगी।”
जनसमुदाय में अविनाश आनंद का आत्मीय व्यवहार और जमीन से जुड़ी बातों ने गहरी छाप छोड़ी। ग्रामीणों ने भी गर्मजोशी से स्वागत कर उन्हें समर्थन का भरोसा दिलाया। उनके इस अभियान से फारबिसगंज में चुनावी माहौल गरमा गया है और राजद कार्यकर्ताओं में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है।





















