नजरिया न्यूज़ प्रतिनिधि की पहल पर मिला आश्वासन
रानीगंज (अररिया): रानीगंज बाजार में पिछले 24 घंटों से बिजली आपूर्ति ठप है। ट्रांसफार्मर खराब होने के कारण पूरा बाजार अंधेरे में डूबा हुआ है, जिससे व्यवसायी वर्ग से लेकर आम नागरिकों तक में भारी रोष देखा जा रहा है। लगातार बिजली नहीं रहने के कारण दुकानों का कामकाज प्रभावित है और गर्मी व उमस से लोगों की परेशानी बढ़ गई है। काली मंदिर चौक स्थित ट्रांसफार्मर 24 घंटे से खराब है
नजरिया न्यूज़ के प्रतिनिधि ने जब इस विषय में बिजली विभाग के संबंधित अधिकारियों से संपर्क करने का प्रयास किया, तो उन्होंने फोन नहीं उठाया। बाद में संपर्क होने पर संबंधित पदाधिकारी ने आश्वासन दिया कि जल्द ही नया ट्रांसफार्मर लगाया जाएगा।
वहीं, नजरिया न्यूज़ के संवाददाता ने जब बिहार सरकार के ऊर्जा मंत्री विजेन्द्र यादव के निजी सचिव से बातचीत की, तो उन्होंने भी भरोसा दिलाया कि इस समस्या के समाधान के लिए शीघ्र कार्रवाई की जाएगी।
बाजारवासी अब आंदोलन के मूड में हैं और यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं की गई, तो बड़ा विरोध प्रदर्शन किया जा सकता है। आम जनता की मांग है कि ट्रांसफार्मर को अविलंब बदला जाए और बिजली आपूर्ति को पुनः बहाल किया जाए।





















