नजरिया न्यूज़, अररिया।
अररिया जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह जिलाधिकारी श्री अनिल कुमार के नेतृत्व में बुधवार को इंडोर स्टेडियम परिसर स्थित ईवीएम-वीवीपैट वेयरहाउस का मासिक बाह्य निरीक्षण किया गया। इस निरीक्षण में पुलिस अधीक्षक श्री अंजनी कुमार, उप निर्वाचन पदाधिकारी डॉ. राम बाबू कुमार, संबंधित विभागों के पदाधिकारीगण एवं मान्यता प्राप्त विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि उपस्थित थे।
निरीक्षण का उद्देश्य वेयरहाउस की सुरक्षा व्यवस्था, प्रबंधन एवं रखरखाव का गहन मूल्यांकन करना था, ताकि निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित सभी मानकों का पालन सुनिश्चित किया जा सके। जिलाधिकारी ने वेयरहाउस की बाहरी सुरक्षा, सीसीटीवी निगरानी, फायर सेफ्टी सिस्टम, प्रवेश-निकास व्यवस्था, तैनात सुरक्षाकर्मियों की सतर्कता तथा अभिलेख संधारण की स्थिति का बारीकी से निरीक्षण किया।
जिलाधिकारी ने संबंधित पदाधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि ईवीएम और वीवीपैट से जुड़ी किसी भी तरह की अनियमितता या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार प्रत्येक माह वेयरहाउस का बाह्य निरीक्षण किया जाना अनिवार्य है, जिसमें सभी मान्यता प्राप्त राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों की उपस्थिति सुनिश्चित की जाती है। इसके अलावा, प्रत्येक तीसरे माह में आंतरिक निरीक्षण भी करना होता है, ताकि वेयरहाउस की समग्र सुरक्षा और निष्पक्षता की जांच की जा सके।
निरीक्षण के दौरान उपस्थित सभी राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को निरीक्षण प्रक्रिया से अवगत कराया गया और उन्हें सुरक्षा से जुड़े पहलुओं की जानकारी दी गई। वेयरहाउस की पारदर्शिता को बनाए रखने के लिए उन्हें भी निरीक्षण के दौरान अपनी राय एवं सुझाव देने का अवसर दिया गया। प्रतिनिधियों ने जिला प्रशासन के इस पहल की सराहना करते हुए इसे चुनावी प्रक्रिया में जनता के विश्वास को बनाए रखने की दिशा में सकारात्मक कदम बताया।
जिलाधिकारी ने यह भी कहा कि चुनाव एक संवेदनशील प्रक्रिया है, जिसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही लोकतंत्र के लिए हानिकारक हो सकती है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी निरीक्षणों का रिकॉर्ड संधारित किया जाए और किसी भी समस्या की स्थिति में तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
इस निरीक्षण के माध्यम से जिला प्रशासन ने यह संदेश दिया कि चुनावी प्रणाली की पारदर्शिता, निष्पक्षता एवं सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। इस प्रकार के नियमित निरीक्षण जनता के विश्वास को मजबूत करने में सहायक सिद्ध होते हैं और लोकतंत्र को मजबूत आधार प्रदान करते हैं।





















