आदित्य दत्ता नजरिया न्यूज़ रानीगंज
इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मुक्त विश्वविद्यालय (इग्नू), नई दिल्ली द्वारा आयोजित जून-2025 की सत्रांत परीक्षा का आयोजन इग्नू अध्ययन केंद्र-86015, कलावती स्नातक महाविद्यालय, कलावती नगर, रानीगंज में शांतिपूर्ण एवं पूर्णतः कदाचारमुक्त वातावरण में किया जा रहा है। मंगलवार को परीक्षा के दौरान क्षेत्रीय केंद्र सहरसा से पहुंची निरीक्षण टीम ने औचक निरीक्षण किया निरीक्षण दल में सहायक क्षेत्रीय निदेशक डॉ. प्रवीण प्रयलंकर एवं डॉ. दीपक गोस्वामी शामिल रहे। उन्होंने परीक्षा कक्षों में अचानक प्रवेश कर छात्र-छात्राओं की गहन जांच की, लेकिन किसी प्रकार की कदाचार सामग्री नहीं मिलने पर संतोष व्यक्त किया। टीम ने परीक्षा केंद्र पर बिजली, पंखा, प्रकाश, पेयजल और शौचालय जैसी आधारभूत सुविधाओं का भी निरीक्षण किया और सभी व्यवस्थाओं पर संतुष्टि जताई।निरीक्षण टीम ने इग्नू अध्ययन केंद्र-86015 के समन्वयक सह केंद्राधीक्षक प्रो. मोहित लाल जायसवाल की परीक्षा प्रबंधन क्षमता की सराहना की एवं भविष्य में भी इसी तरह सुचारु परीक्षा संचालन के निर्देश दिये। परीक्षा 12 जून से प्रारंभ होकर 19 जुलाई 2025 तक चलेगी। इस अवधि में कला, वाणिज्य, विज्ञान, वोकेशनल एवं स्नातकोत्तर कोर्स के करीब 12,500 छात्र-छात्राएं सम्मिलित हो रहे हैं।
आज 16 जुलाई को प्रथम पाली में हिंदी एवं अंग्रेजी विषय की परीक्षा में कुल 33 परीक्षार्थी उपस्थित हुए, वहीं द्वितीय पाली में अंग्रेजी, राजनीति शास्त्र एवं वाणिज्य विषय की परीक्षा में कुल 170 छात्र-छात्राओं ने भाग लिया।
महाविद्यालय प्राचार्य डॉ. दयानंद राउत के निर्देश पर प्रवेश द्वार पर ही सघन जांच व्यवस्था लागू रही। परीक्षार्थियों को वाहन, बैग, मोबाइल या अन्य किसी भी इलेक्ट्रॉनिक उपकरण के साथ परिसर में प्रवेश की अनुमति नहीं दी गई। परीक्षा संचालन में समन्वयक प्रो. मोहित लाल जायसवाल के साथ प्रो. सुबोध मंडल, प्रो. चन्द्र भूषण महतो, प्रो. साबिर हुसैन, एकरामुल हक़, राहुल कुमार मंडल, नातिक मुजीबी, रमेश साह, राजेन्द्र महतो, सतनारायण साह समेत कई शिक्षकों और कर्मचारियों की सक्रिय भूमिका रही।























