नजरिया न्यूज़ पटना। विधानसभा चुनाव की तैयारी में जुटी नीतीश सरकार ने शनिवार को प्रशासनिक स्तर पर बड़ा कदम उठाया है। सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार बिहार में भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) के 41 और बिहार प्रशासनिक सेवा (बीएएस) के 31 अधिकारियों का स्थानांतरण और नई पदस्थापन की गई है।
इस फेरबदल में 5 प्रमंडलीय आयुक्तों और 18 जिलाधिकारियों (डीएम) को उनके वर्तमान पद से हटाकर नए जिलों में भेजा गया है। यह कदम राज्य में प्रशासनिक कार्यकुशलता बढ़ाने और आगामी अक्टूबर-नवम्बर में प्रस्तावित विधानसभा चुनावों के लिए व्यवस्थाओं को सुदृढ़ करने की दिशा में उठाया गया है।
जिन प्रमंडलों में आयुक्त बदले गए हैं, उनमें पटना, सारण, दरभंगा, मुंगेर और तिरहुत शामिल हैं। वहीं जिन जिलों के डीएम बदले गए हैं, उनमें राजधानी पटना के साथ-साथ गया, नालंदा, दरभंगा, बांका, पश्चिम चंपारण, मधुबनी, बक्सर, खगड़िया, जमुई, गोपालगंज, मुंगेर, कैमूर, सीवान, वैशाली, पूर्णिया, सुपौल और सहरसा जैसे प्रमुख जिले शामिल हैं।
सूत्रों के अनुसार यह प्रशासनिक बदलाव चुनावी तैयारियों को ध्यान में रखते हुए किया गया है, ताकि जिलों में सुशासन की व्यवस्था और सख्त निगरानी सुनिश्चित की जा सके। सरकार का उद्देश्य है कि नई तैनाती से प्रशासनिक मशीनरी में नई ऊर्जा का संचार हो और आगामी चुनाव निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हो सके।
इस व्यापक तबादले से यह स्पष्ट हो गया है कि सरकार चुनाव से पहले किसी भी स्तर पर कोई ढिलाई नहीं बरतना चाहती।





















