संतोषजनक रहा मॉकड्रिल का नतीजा, मानकों के अनुरूप हो रहा प्लांट का संचालन
अररिया, 31 मई ।
बिहार सहित देश के अन्य राज्यों में कोरोना संक्रमण के मामले सामने आने के बाद स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय भारत सरकार के निर्देश पर राज्य के सभी सरकारी अस्पतालों में अधिष्ठापित पीएसए ऑक्सीजन जेनरेशन प्लांट व इससे जुड़ी तमाम आधारभूत संरचना का परीक्षण किया गया। मॉक ड्रिल के क्रम में पीएसए प्लांट की क्रियाशीलता सहित प्रवाहित ऑक्सीजन की शुद्धता, प्रेशर सहित संबंधित अन्य मानकों का गहनता पूर्वक परीक्षण किया इस क्रम में सदर अस्पताल परिसर में स्थित पीएसए ऑक्सीजन प्लांट का परीक्षण अस्पताल के प्रभारी अधीक्षक डॉ आकाश कुमार राय की अगुआई में टेक्नीशियन धीरेंद्र कुमार धीरू, अमिंत कुमार साह द्वारा किया गया। ऑक्सीजन प्लांट व इससे जुड़े उपकरणों की जांच के उपरांत उन्होंने परीक्षण को पूरी तरह सफल बताते हुए जांच नतीजों को बेहद संतोषप्रद बताया।
मानकों के अनुरूप हो रहा प्लांट का संचालन
मॉक ड्रिल के क्रम में पीएसए ऑक्सीहन प्लांट द्वारा उत्सर्जित ऑक्सीजन की शुद्धता 95 फीसदी पाया गया। निर्धारित मानकों के अनुरूप प्लांट द्वारा उत्सर्जित ऑक्सीजन की शुद्धता 90 से 96 प्रतिशत होना चाहिये। जानकारी देते हुए सदर अस्पताल के प्रभारी अधीक्षक डॉ आकाश कुमार राय बताया कि प्लांट द्वारा प्रवाहित ऑक्सीजन के दबाव का मानक जो 04 से 06 बीएआर निर्धारित है। परीक्षण के क्रम में ऑक्सीजन का दबाव 05 बीएआर पाया गया। इसी तरह पीएसए प्लांट का संचालन अन्य मानकों के भी अनुरूप पाया गया। इससे जुड़े उपकरण भी बेहतर हालात में पाये गये।
संतोषजनक रहा मॉकड्रिल का नतीजा
जिला स्वास्थ्य समिति के डीपीएम संतोष कुमार ने बताया कि वैश्विक महामारी के दौरान कोरोना संक्रमित व इलाजरत अन्य जरूरतमंद मरीजों को ऑक्सीजन की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित कराने के उद्देश्य से सदर अस्पताल परिसर में 200 एलपीएम 600 एलपीएम ऑक्सीजन उत्सर्जन क्षमता वाला ऑक्सीजन प्लांट अधिष्ठापित किया गया था। राज्य स्तर से प्राप्त दिशा निर्देश के आलोक में शनिवार को इसका मॉकड्रिल किया गया। मॉकड्रिल में संतोषजनक नतीजे सामने आये हैं। उन्होंने बताया कि मॉकड्रिल से संबंधित प्रतिवेदन राज्य स्वास्थ्य समिति का जल्द उपलब्ध करा दिया जायेगा।
लोगों के लिये फायदेमंद साबित हो रहा पीएसए प्लांट का संचालन
सिविल सर्जन डॉ केके कश्यप ने बताया कि देश में बढ़ते कोविड के मामलों को देखते हुए विभागीय निर्देश के आलोक में पीएसए ऑक्सीजन प्लांट का मॉकड्रिल किया गया। जो बेहद सफल रहा। उन्होंने कहा कि पीएसए ऑक्सीजन प्लांट का संचालन आम लोगों के लिये फायदेमंद साबित हो रहा है। मॉडल अस्पताल के 100 बेड तक इसके माध्यम से ऑक्सीजन की आपूर्ति हो रही है। कोरोना संक्रमण संभावित खतरों के प्रति स्वास्थ्य विभाग पूरी तरह संवेदनशील है। हर स्तर पर जरूरी तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। ताकि किसी भी विपरित परिस्थिति का सामना डट कर किया जा सके।




















