नजरिया न्यूज़ फॉरबिसगंज/अररिया।
श्रम संसाधन विभाग, बिहार सरकार के तत्वावधान में जिला नियोजनालय, अररिया द्वारा शुक्रवार को आईटीआई फारबिसगंज परिसर में एक दिवसीय जिला स्तरीय नियोजन-सह-व्यवसायिक मार्गदर्शन मेला का भव्य आयोजन किया गया। इस मेले का उद्देश्य जिले के युवाओं को रोजगार के अवसर प्रदान करना और उन्हें विभिन्न सरकारी योजनाओं के प्रति जागरूक करना था।
मेले का विधिवत उद्घाटन अपर समाहर्ता श्री राजमोहन झा, अनुमंडल पदाधिकारी फारबिसगंज श्री रंजीत कुमार रंजन, जिला नियोजन पदाधिकारी मो० आकिफ वक्कास, श्रम अधीक्षक श्री अमित कुमार, सहायक निदेशक सामाजिक सुरक्षा कोषांग श्री नितेश कुमार पाठक एवं आईटीआई प्राचार्य श्री राजीव कुमार ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर श्रम प्रवर्तन पदाधिकारी अररिया श्री अमर ज्योति, फारबिसगंज के श्रम प्रवर्तन पदाधिकारी श्री अमर कुमार राय तथा डीआरसीसी प्रबंधक श्री गजेंद्र कुमार की उपस्थिति भी उल्लेखनीय रही।
इस नियोजन मेले में 24 निजी कंपनियों तथा 7 विभागीय स्टॉलों की सहभागिता रही। विभिन्न कंपनियों द्वारा कुल 1084 बायोडाटा प्राप्त किए गए, जिनमें से 345 अभ्यर्थियों को अगले चयन चरण हेतु शॉर्टलिस्ट किया गया। इसके अतिरिक्त, विभागीय स्टॉलों द्वारा 211 अभ्यर्थियों को सरकारी योजनाओं की जानकारी और मार्गदर्शन भी प्रदान किया गया।
कार्यक्रम के सफल संचालन और समापन पर जिला नियोजन पदाधिकारी मो० आकिफ वक्कास ने सभी प्रतिभागियों, विभागीय अधिकारियों एवं आगंतुकों का धन्यवाद ज्ञापन किया।
इस रोजगार मेले की सफलता में जिला कौशल प्रबंधक श्री रविशंकर कुमार के नेतृत्व में कार्यालय कर्मियों—श्री मोहन प्रसाद साह, श्रीमती पिंकी कुमारी, राजू कुमार मंडल, मुकेश कुमार मंडल एवं साईमा फिरदोस—की सक्रिय भूमिका और समर्पण अत्यंत सराहनीय रही।
इस तरह यह आयोजन न केवल रोजगार उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम रहा, बल्कि युवाओं को उनके भविष्य के प्रति मार्गदर्शन प्रदान कर एक नई दिशा देने में सफल रहा।






















