विशेष शिविरों में पहुंच रहे बड़ी संख्या में आयुष्मान कार्ड से वंचित व्यक्ति
वीरेंद्र चौहान, नजरिया न्यूज ब्यूरो किशनगंज, 29 मई।
जिले में 24 मई से चल रहे आयुष्मान भारत – प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के विशेष गोल्डन ई-कार्ड निर्माण अभियान जारी है। सुदूर पंचायतों से लेकर प्रखंड मुख्यालयों तक सुबह से शाम विशेष शिविरों में बड़ी संख्या में वंचित व्यक्ति पहुंच रहे हैं। अभियान की सफलता को देखते हुए जिलाधिकारी विशाल राज ने इसे 30 मई तक विस्तार देने का निर्णय लिया है, ताकि कोई भी पात्र लाभुक स्वास्थ्य सुरक्षा के इस अधिकार से वंचित न रह जाए।
54,000 से अधिक कार्ड बयां कर रहे सफलता की कहानी:
डीपीसी पंकज कुमार ने बताया कि अभियान की शुरुआत से लेकर अब तक कार्ड निर्माण की प्रगति सराहनीय रही है।24 मई: 1,558 कार्ड, 25 मई: 4,154 कार्ड, 26 मई: 9,409 कार्ड, 27 मई: 13,641 कार्ड, 28 मई: 14,848 कार्ड, 29 मई (सुबह तक): 9,000+ कार्ड, कुल: 54,000 से अधिक गोल्डन कार्ड बनाए जा चुके हैं, जो इस अभियान की व्यापक पहुंच और प्रभावशीलता बयां कर रहा है।
जिलाधिकारी ने किया निरीक्षण, लोगों को किया प्रेरित:
जिलाधिकारी विशाल राज ने किशनगंज एवं दिघलबैंक प्रखंडों के शिविरों का निरीक्षण किया। उन्होंने मौके पर मौजूद लोगों को योजना के बारे में विस्तार से जानकारी दी और कहा यह कार्ड हर गरीब, कमजोर और जरूरतमंद परिवार के लिए एक सुरक्षा कवच है। अभियान का उद्देश्य है कि कोई भी पात्र व्यक्ति इससे वंचित न रह जाए। अधिक से अधिक लोग अपने दस्तावेजों के साथ शिविर में पहुंचे और निःशुल्क कार्ड बनवाएं।”

किशनगंज, बिहार – आयुष्मान कार्ड अभियान शिविर का निरीक्षण करते डीएम विशाल राज-नजरिया न्यूज
स्वास्थ्य विभाग की कमान सिविल सर्जन के हाथ में, हो रहा समन्वित प्रयास
सिविल सर्जन डॉ. राज कुमार चौधरी ने बताया कि अभियान की सफलता के लिए स्वास्थ्य विभाग, जीविका, पंचायत, आशा व आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के साथ समन्वय किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना गरीब परिवारों के लिए जीवनदायिनी है। इसे एक जनांदोलन का रूप दिया गया है, ताकि अंतिम व्यक्ति तक इसका लाभ पहुंचे।”
वृद्धजनों को प्राथमिकता, टेढ़ागाछ में 91 वर्षीय महिला का बना कार्ड:
अभियान की एक बड़ी उपलब्धि रही टेढ़ागाछ प्रखंड में 91 वर्षीय वृद्ध महिला का वय वंदना कार्ड बनना। यह दिखाता है कि योजना किस तरह हर उम्र वर्ग तक पहुंच रही है। 70 वर्ष से ऊपर के नागरिकों के लिए विशेष प्राथमिकता के साथ कार्ड बनाए जा रहे हैं।
आयुष्मान कार्ड: हर परिवार को प्रति वर्ष ₹5 लाख तक का इलाज।कैंसर, हृदय रोग, किडनी ट्रांसप्लांट जैसी गंभीर बीमारियों का मुफ्त इलाज।























