नजरिया न्यूज, अररिया। आगामी 16 जून 2025 को पटना के बापू सभागार में बिहार सरकार के मत्स्य एवं पशुपालन मंत्री श्रीमती रेणु देवी की अगुवाई में स्वर्गीय बुद्धू नोनिया की जन्म शताब्दी समारोह आयोजित होने जा रहा है। इस कार्यक्रम को सफल बनाने के उद्देश्य से अररिया जिला नोनिया समाज की एक महत्वपूर्ण बैठक जिला अध्यक्ष एवं अति पिछड़ा प्रकोष्ठ के प्रदेश उपाध्यक्ष सीताराम मंडल के शिवपुरी स्थित आवास पर आयोजित की गई।
बैठक में जिले भर से नोनिया समाज के सैकड़ों प्रबुद्ध सदस्य शामिल हुए। समारोह को लेकर समाज में खासा उत्साह देखा गया। बैठक में यह जानकारी दी गई कि अररिया जिले से बड़ी संख्या में लोग पटना जाकर समारोह में भाग लेंगे।
बैठक में समाज के नेताओं ने जातीय गणना में सुधार की मांग करते हुए कहा कि राज्य सरकार ने नोनिया समाज को तीन भागों—नोनिया, बिंद और बेलदार में बांटा है, जबकि ये तीनों एक ही जाति के अंग हैं। समाज ने भारत सरकार से मांग की कि आगामी जातीय गणना में एकीकृत “नोनिया” कोड का प्रयोग किया जाए।
साथ ही समाज को ST (अनुसूचित जनजाति) का दर्जा देने की पुरानी मांग को भी दोहराया गया। वक्ताओं ने कहा कि राजनीतिक उपेक्षा के कारण समाज खुद को ठगा हुआ महसूस करता है और आगामी विधानसभा चुनाव में समाज को राजनीतिक भागीदारी मिलनी चाहिए।
बैठक में सीताराम मंडल, महेंद्र सिंह चौहान, श्याम कुमार मंडल, विजय सिंह चौहान, रणजीत मंडल सहित कई प्रमुख लोग उपस्थित रहे।






















