नजरिया न्यूज़, अररिया। मंटू राय। गोपनीय सूचना के आधार पर अररिया थाना क्षेत्र अंतर्गत मिर्जा भाग वार्ड संख्या 3 में पुलिस और प्रशासनिक टीम ने गुरुवार को बड़ी कार्रवाई की। दण्डाधिकारी श्री अभय नारायण यादव, अंचल निरीक्षक-सह-राजस्व कर्मचारी, अररिया के नेतृत्व में नगर थाना की पुलिस टीम ने अबु बशर (पिता-स्व. मुजिबुर्रहमान उर्फ मोतिउर्रहमान) एवं उनकी पत्नी शबनम के घर पर छापेमारी की। इस दौरान भारी मात्रा में प्रतिबंधित कोडिनयुक्त कफ सिरफ की बरामदगी हुई।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने अबु बशर के घर और आसपास के विभिन्न स्थानों से कुल 412.5 लीटर कोडिनयुक्त कफ सिरफ बरामद किया, जिसे नशे के तौर पर उपयोग किया जाता है और जिस पर प्रतिबंध है।
बरामदगी का विवरण :
75 बोतल (7.5 लीटर) कोडिनयुक्त Escuf कफ सिरफ मारुति सुजुकी डिजायर वाहन (BR10J 5491) के डिक्की से बरामद किया गया।
150 बोतल (15 लीटर) कफ सिरफ बिना नंबर के नीले रंग के ई-रिक्शा के सीट के नीचे छिपाकर रखी गई थी।
सबसे बड़ा जखीरा घर के बाहर बने एक शेड के नीचे बने गुप्त तहखाने से मिला, जहां से 26 कार्टून में कुल 3900 बोतल (390 लीटर) कफ सिरफ जब्त की गई।
इसके अतिरिक्त, एक Vivo कंपनी का मोबाइल फोन भी बरामद किया गया है, जिसे पुलिस ने जब्त कर लिया है।
पूरी कार्रवाई के दौरान प्रशासन ने पूरी सतर्कता बरती और बरामद सामग्रियों को सील कर कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी गई। इस संबंध में अररिया थाना में कांड संख्या 215/25 दिनांक 27.05.25 को धारा 111 बीएनएस एवं 8/21/22 एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस के अनुसार, इस तरह की भारी मात्रा में नशीली कफ सिरफ की बरामदगी से यह अंदाजा लगाया जा रहा है कि यह कोई संगठित तस्करी का मामला हो सकता है। अबु बशर और उनके परिवार के अन्य सदस्यों की संलिप्तता की जांच की जा रही है। पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुट गई है।
स्थानीय लोगों में इस छापेमारी की चर्चा तेज हो गई है। कई लोगों ने प्रशासन की इस कार्रवाई की सराहना की है और उम्मीद जताई है कि इस तरह की नशीली पदार्थों की तस्करी पर रोक लगाने के लिए प्रशासन लगातार सक्रिय रहेगा।
अररिया पुलिस अधीक्षक ने बताया कि यह कार्रवाई मादक पदार्थों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान का हिस्सा है और आने वाले समय में और भी कठोर कदम उठाए जाएंगे।