– नेपाल से कुचहा होते हुए पलासी ले जा रहा था शराब, न्यायिक हिरासत में भेजा गया
नजरिया न्यूज सिकटी/अररिया/पटना डेस्क। सिकटी थाना पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर बड़ी कार्रवाई करते हुए 118 बोतल नेपाली देशी शराब के साथ एक तस्कर को बाइक सहित गिरफ्तार किया। पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया के बाद आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया।इस संबंध में जानकारी देते हुए सिकटी थानाध्यक्ष नरेंद्र कुमार प्रसाद ने बताया कि सअनि लाल कुमार यादव के नेतृत्व में पुलिस बल के साथ दिवा गश्ती के दौरान पहाड़ा चौक पर पुलिस वाहन मौजूद थी। उसी समय सूचना मिली कि एक व्यक्ति नेपाल से मोटरसाइकिल पर शराब लादकर कुचहा होते हुए पलासी की ओर जा रहा है। सूचना मिलते ही गश्ती दल को तत्काल कुचहा भेजा गया।कुचहा पहुंचकर पुलिस ने चेकिंग शुरू की। इसी दौरान करीब 11 बजे एक व्यक्ति नेपाल की ओर से तेज गति से बाइक चलाते हुए आता दिखाई दिया। उसकी बाइक के पीछे व लेग गार्ड में प्लास्टिक की बोरियाँ बंधी हुई थीं। पुलिस ने जब उसे रोकने का प्रयास किया, तो वह भागने लगा। पीछा कर पुलिस बल ने उसे पकड़ लिया।गिरफ्तार युवक की पहचान सुमित कुमार मंडल (उम्र 21 वर्ष), पिता सत्यनारायण मंडल, निवासी कनखुदिया वार्ड संख्या 03, थाना पलासी, जिला अररिया के रूप में हुई है। तलाशी में मोटरसाइकिल पर बंधे पाँच प्लास्टिक बोरे बरामद किए गए। जांच में चार बोरों में 25-25 और एक बोरे में 18 बोतल नेपाली रेशम लीची फ्लेवर देशी शराब बरामद हुई। कुल 118 बोतल शराब (प्रत्येक 300 एमएल, कुल मात्रा 35.400 लीटर) जब्त की गई।सअनि के स्वलिखित आवेदन के आधार पर आरोपी के खिलाफ बिहार मद्य निषेध एवं उत्पाद अधिनियम की सुसंगत धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।






















