वीरेंद्र चौहान, नजरिया न्यूज ब्यूरो किशनगंज,23अक्टूबर,
एशियन हॉकी चैम्पियन्स ट्रॉफी महिला-2024 का आयोजन बिहार के राजगीर में 11 से 20 नवंबर, 2024 तक होने जा रहा है। इस महोत्सव को सफल बनाने के लिए बिहार राज्य खेल प्राधिकरण ने एक व्यापक प्रचार-प्रसार कार्यक्रम की योजना बनाई है, जिसके तहत ‘Trophy Tour’ का आयोजन किया जा रहा है।
इस ‘Trophy Tour’ का उद्देश्य न केवल एशियन हॉकी चैम्पियन्स ट्रॉफी के प्रति जागरूकता बढ़ाना है, बल्कि राज्य में हॉकी के प्रति उत्साह को भी जागृत करना है। इस दौरान हॉकी के खिलाड़ी, कोच और रेफरी एक विशेष बस के माध्यम से पूरे बिहार के विभिन्न जिलों का भ्रमण करेंगे, जिससे लोग इस खेल के प्रति प्रेरित हो सकें।
‘Trophy Tour’ की शुरुआत किशनगंज जिले में 26 अक्टूबर 2024 को होगी।
इस कार्यक्रम में एक “बस” 26 अक्टूबर को 11:30 बजे पूर्वाह्न किशनगंज पहुंचेगी। इस दौरान हॉकी के विभिन्न खिलाड़ी स्थानीय स्कूलों और कॉलेजों में उपस्थित होकर युवाओं को हॉकी के खेल के महत्व और इसकी संभावनाओं के बारे में जागरूक करेंगें।
गौरतलब है कि किशनगंज जिला अपनी सांस्कृतिक विविधता और खेलों के प्रति उत्साह के लिए भी जाना जाता है। किशनगंज इस कार्यक्रम का एक महत्वपूर्ण हिस्सा बनेगा। युवा पीढ़ी इस अवसर का लाभ उठाए। कार्यक्रम हॉकी में करियर की संभावनाओं समझ को प्रोत्साहित करेगा।
बिहार राज्य खेल प्राधिकरण ने सभी मीडिया संस्थानों से इस कार्यक्रम को कवर करने और स्थानीय स्तर पर इसकी जानकारी फैलाने की अपील की है। यह कार्यक्रम न केवल खेल के प्रति जागरूकता बढ़ाने का कार्य करेगा, बल्कि स्थानीय समुदाय को भी एकजुट करने का अवसर प्रदान करेगा।
बता दें कि एशियन हॉकी चैम्पियन्स ट्रॉफी (महिला)-2024 एक महत्वपूर्ण खेल है, जो न केवल खेल प्रेमियों के लिए, बल्कि पूरे बिहार के लिए गर्व का विषय है।






















