– डेंगू संबंधी मामलों के प्रति विभाग सतर्क, जिले में समुचित जांच व उपचार सुविधा उपलब्ध
अररिया, 23 अक्टूबर ।
जिले में डेंगू के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं. डेंगू प्रभावित मरीजों की संख्या बढ़ कर 27 हो गयी है. इसमें एक मरीज सुपौल जिला से संबंद्ध हैं. शेष सभी 26 मरीज अररिया के हैं. समुचित उपचार के बाद सभी मरीजों की सेहत सामान्य बनी हुई है. जानकारी देते हुए डीवीबीडीसीओ रामकुमार ने बताया कि डेंगू प्रसार के संभावित खतरों को लेकर विभाग पूरी तरह अलर्ट है. डेंगू मरीजों के उपचार को लेकर जिले में सभी जरूरी इंतजाम उपलब्ध हैं. प्रभावित इलाकों में फोगिंग कराया जा रहा है. ताकि रोग के प्रसार को नियंत्रित किया जा सके. जानकारी मुताबिक जिले में वर्ष 2022 जिले में डेंगू के कुल 213 मामले सामने आये थे. वर्ष 2023 में डेंगू के 135 मामले सामने आये. उस लिहाज से देखा जाये तो बीते वर्षों की तुलना में अपेक्षाकृत इस वर्ष मरीजों की संख्या काफी कम है.
फिलहाल डेंगू से बचाव के प्रति रहें सतर्क
जिला वेक्टर जनित रोग नियंत्रण पदाधिकारी डॉ अजय कुमार सिंह ने बताया कि अक्टूबर का महीना डेंगू के प्रसार के लिहाज से बेहद संवेदनशील है. इस दौरान लोगों को डेंगू संबंधी मामलों को लेकर अधिक संवेदनशील रहने की जरूरत है. जिले में बढ़ते ठंड के साथ डेंगू के मामलों के नियंत्रित होने की संभावना उन्होंने व्यक्त की. उन्होंने बताया कि डेंगू संबंधी मामलों की जांच व उपचार को लेकर जिले के सभी स्वास्थ्य संस्थानों में जरूरी इंतजाम किये गये हैं. सभी प्रमुख चिकित्सा संस्थानों में डेंगू जांच किट पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध है. मरीजों के उपचार के लिये विशेष वार्ड बनाये गये हैं. सदर अस्पताल में 10 बेड, अनुमंडल अस्पताल फारबिसगंज में 05 बेड व सभी पीएचसी में दो-दो बेड डेंगू मरीजों के समुचित उपचार के लिये आरक्षित रखा गया है.
डेंगू नियंत्रण संबंधी उपायों के प्रति विभाग गंभीर
सिविल सर्जन डॉ केके कश्यप ने कहा कि जिलाधिकारी से प्राप्त दिशा निर्देश के आलोक में डेंगू संबंधी मामलों पर विशेष नजर रखी जा रही है. हर दिन विभिन्न अस्पताल के ओपीडी में आने वाले रोग से मिलते जुलते लक्षण वाले मरीजों का प्राथमिकता के आधार पर जांच सुनिश्चित कराने के लिये स्वास्थ्य अधिकारियों को निर्देशित किया गया है. उन्होंने आम लोगों से अपील करते हुए कहा कि आने वाले कुछ दिन डेंगू संक्रमण के प्रसार के लिहाज से बेहद संवेदनशील हैं. लिहाजा इससे बचाव संबंधी उपायों के प्रति अधिक गंभीर रहने की जरूरत है. उन्होंने कहा कि तेज बुखार, सिरदर्द, आंखों के पीछे दर्द, मांसपेसी व जोड़ों में दर्द, त्वचा पर दाने व उल्टी की शिकायत डेंगू रोग के सामान्य लक्षण हैं. इस तरह का कोई भी लक्षण दिखने पर तत्काल जरूरी जांच व इलाज को प्राथमिकता देने की अपील उन्होंने लोगों से की.






















