नजरिया न्यूज़,अररिया। ताराबाड़ी थाना क्षेत्र के अरहरबाड़ी गांव में बुधवार को तेज बारिश के दौरान आकाशीय बिजली गिरने से तीन लोगों की मौत हो गई। हादसे के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई। मृतकों की पहचान कन्हैया भगत, शनिचरा भगत और शिवानंद भगत के रूप में हुई है। बताया गया कि तीनों एक ही परिवार के सदस्य थे।
जानकारी के अनुसार, कुछ किसान अपने मवेशियों को चराने के लिए खेत की ओर गए थे। इसी दौरान अचानक तेज बारिश शुरू हो गई और आकाशीय बिजली गिरने से तीनों इसकी चपेट में आ गए।
ग्रामीणों ने आनन-फानन में तीनों को इलाज के लिए सदर अस्पताल अररिया पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही मृतकों के परिजनों में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। हादसे के बाद पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है। एक ही परिवार के तीन सदस्यों की मौत से ग्रामीण भी गमगीन हैं।
घटना ने परिवार को गहरा सदमा पहुंचाया है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को नियमानुसार सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है।














