1. 21 अगस्त को सौंपा गया था ज्ञापन
नगर संघर्ष समिति ने बताया कि 21 अगस्त 2026 को नगर परिषद अररिया को ज्ञापन सौंपा गया था। इसमें शहर की सड़क, नाला एवं ड्रेनेज व्यवस्था के समग्र और स्थायी समाधान के लिए 10 दिनों के भीतर संयुक्त समिति गठित करने की मांग की गई थी।
2. अधिकारियों व नागरिकों को शामिल करने का प्रस्ताव
समिति ने प्रस्तावित संयुक्त समिति में संबंधित तकनीकी अभियंताओं, नगर परिषद के प्रशासनिक पदाधिकारियों, नगर संघर्ष समिति के प्रतिनिधियों तथा शहर के प्रबुद्ध नागरिकों को शामिल करने की मांग की है। समिति का मानना है कि सभी पक्षों की भागीदारी से समस्या का बेहतर और स्थायी समाधान निकल सकेगा।
3. स्थलीय निरीक्षण कर बने कार्ययोजना
स्मार पत्र में शहर की वर्तमान स्थिति का स्थलीय निरीक्षण कराने की मांग की गई है। इसके बाद सड़क, जल निकासी, नाला और ड्रेनेज व्यवस्था को लेकर समग्र कार्ययोजना तैयार करने तथा आवश्यक श्वेत पत्र जारी करने का आग्रह किया गया है।
4. कार्रवाई नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी
समिति ने कहा कि निर्धारित समय सीमा बीतने के बावजूद अब तक अपेक्षित कार्रवाई नहीं की गई है। यदि जल्द ही जनसमस्याओं के समाधान की दिशा में ठोस पहल नहीं हुई तो नगर संघर्ष समिति जनहित में लोकतांत्रिक एवं शांतिपूर्ण तरीके से आगे की आवश्यक कार्रवाई करने को विवश होगी।
समिति ने नगर परिषद प्रशासन से अविलंब संयुक्त समिति का गठन कर बैठक आयोजित करने और अररिया शहर की सड़क, नाला एवं जल निकासी की समस्याओं का स्थायी समाधान सुनिश्चित करने की मांग की है।


















